कनाडा में निज्जर की हत्या के बाद पुलिसकर्मियों के बीच 1 घंटे तक होता रहा झगड़ा, देर से क्यों पहुंची पुलिस?
खालिस्तानी आतंकी हरदीप निज्जर की हत्या को लेकर भारत और कनाडा के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने एक चौंकाने वाली रिपोर्ट पब्लिश की है।
रिपोर्ट में 90 सेकेंड के सीसीटीवी वीडियो और वहां मौजूद चश्मदीदों के हवाले से लिखा गया है कि निज्जर की हत्या में कम से कम छह लोग शामिल थे और उनके पास 2 गाड़ियां भी थीं। इससे पता चलता है कि हत्याकांड को बेहद सुनियोजित ऑपरेशन के तहत अंजाम दिया गया था।

18 जून को खालिस्तानी आतंकी निज्जर की वैंकूवर में स्थित गुरुद्वारे की पार्किंग में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। निज्जर की मृत्यु ने भारत और कनाडा के बीच एक राजनयिक विवाद को जन्म दिया है, जिसके परिणामस्वरूप राजनयिकों का निष्कासन, वीजा प्रतिबंध, उच्च आयोगों में कर्मचारियों की कमी और बहुत कुछ हुआ है।
2017 में स्थापित सिख लिबरेशन फ्रंट (एसएलएफ) के संस्थापकों में से एक और ब्रिटिश कोलंबिया सिख गुरुद्वारा काउंसिल के प्रवक्ता मोनिंदर सिंह के अनुसार, निज्जर की कार में पहले से एक ट्रैकर लगा हुआ था, जिससे साबित होता है कि वह पहले से उन्हें टार्गेट किया गया।
निज्जर की हत्या का वीडियो अमेरिका अखबार द वाशिंगटन पोस्ट को मिला है। गुरुद्वारे के सुरक्षा कैमरे की 90 सेकंड की वीडियो क्लिप में निज्जर के पार्किंग स्थल से बाहर निकलने के बाद एक सफेद सेडान को उसके ग्रे ट्रक का पीछा करते हुए दिखाया गया है।
जैसे ही निज्जर गुरुद्वारे की पार्किंग से बाहर निकलने की कोशिश करता है, सेडान उसकी पिकअप गाड़ी का रास्ता रोक देती है और 2 नकाबपोश निज्जर की गाड़ी को घेर लेते हैं। हुड वाली स्वेटशर्ट पहने दो नकाबपोश व्यक्ति आते हैं और निज्जर पर गोलियां बरसाने लगते हैं।
अखबार ने बताया है कि हमलावरों ने निज्जर के ऊपर लगभग 50 गोलियां चलाईं, जिनमें से 34 गोलियां निज्जर को लगीं। वारदात के बाद गुरुद्वारे के स्वयंसेवक भूपिंदरजीत सिंह घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि निज्जर की सांसे नहीं चल रही थीं और पिकअप गाड़ी में हर जगह खून और टूटा हुआ शीशा बिखरा हुआ था।
इसके बाद उन्होंने अपने साथी समुदाय के सदस्य, गुरुमीत सिंह तूर के साथ हमलावरों का पीछा करने का प्रयास किया। एक अन्य गुरुद्वारे के सदस्य मलकीत सिंह ने पड़ोसी कौगर क्रीक पार्क में पैदल बंदूकधारियों का पीछा करने का प्रयास किया।
मलकीत ने बताया कि हमलावर सिख पोशाक पहने हुए थे। दोनों ने पगड़ी लगा रखी थी और दोनों ने अपनी दाढ़ी वाले चेहरे को नकाब से ढक रखा था। उन्होंने कहा कि एक हमलावर 5 फीट से अधिक लंबा और मोटे शरीर वाला था, जबकि दूसरा कद में उससे छोटा और पतला था।
हमले के बाद दोनों नकाबपोश क्रीक पार्क की ओर भागते हुए बाहर खड़ी एक टोएटा 2008 कैमरी कार में बैठे। यहां पर उसके 3 साथी उसका इंतजार कर रहे थे। वे अपने साथियों से साथ वहां से भाग निकले।
मलकीत सिंह ने कहा, "[दौड़ने वाले] लोगों में से एक ने कार में बैठने से ठीक पहले मुझ पर अपनी पिस्तौल तान दी। हवा में बारूद की गंध ने मुझे चौंका दिया और तब मुझे अहसास हुआ कि वे कितने खतरनाक थे।"
द वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा है कि इस क्षेत्र में स्थानीय पुलिस नियमित रूप से गश्त करती है, लेकिन पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने में 12 से 20 मिनट लग गए। यह एक चौंकाने वाली बात थी।
गवाहों ने कहा कि सरे पुलिस और रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के बीच अधिकार क्षेत्र और जांच का नेतृत्व कौन करेगा, इसे लेकर 'एक घंटे तक झगड़ा' हुआ। इस मामले में मामले में रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस का कहना है कि उन्हें गोलीबारी की सूचना रात 8:27 बजे मिली थी।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हत्याकांड के लगभग 3 महीने बाद भी पुलिस ने अभी तक चार्जशीट नहीं दायर की है। हमलावरों का वर्णन "दो भारी भरकम पुरुषों" के रूप में करने के अलावा, संदिग्धों की पहचान के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
1 जुलाई को, पुलिस ने बंदूकधारियों की पहचान करने के लिए जनता से मदद मांगी, जबकि 16 अगस्त को, कनाडाई अधिकारियों ने सिल्वर 2008 टोयोटा कैमरी और ड्राइवर को पहचानने में सहायता मांगी। हालाँकि, जहाँ से हमलावर भागे थे, उसके आसपास के लगभग 40 व्यवसायियों ने कहा है कि पुलिस ने अभी तक उनसे संपर्क नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications