सिर कलम का वीडियो जारी करने के बाद ISIS ने मांगी माफी !
अमेरिकी पत्रकार स्टीवन सोटलॉफ के सिर कलम का वीडियो जारी करने के आईएसआईएस आतंकियों ने ट्विटर पर अपने फॉलोअर्स से माफी मांगी। जी हां, दरअसल आईएस आतंकियों ने इस वीडियो को निश्चित समय से पहले ही सोशल मीडिया पर जारी कर दिया था।

आईएसआईएस ने मंगलवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें अमरीकन पत्रकार का सिर कलम कर आतंकियों ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को इराकी कार्रवाई रोकने की चेतावनी दी है। इस वीडियो में ओबामा को चेतावनी दी गयी है कि जब तक अमेरिका हवाई हमलों से हमारे लोगों को मारता रहेगा, तब तक इसी तरह अमेरिकी लोगों का सिर कलम होता रहेगा। वहीं, इस वीडियो में आतंकी ने एक ब्रिटिश बंधक को दिखाकर डेविड कैमरन को संदेश दिया है कि अगला निशाना यह ब्रिटिश आदमी हो सकता है।
पूरी दुनिया को भयभीत और स्तब्ध करने वाला यह विडियो जब मंगलवार को इंटरनेट पर वाइरल हुआ, तब आतंकियों को इस बात का अहसास हुआ कि यह वीडियो गलती से इंटरनेट पर अपलोड कर दिया गया है। आईएसआईएस से जुड़े एक ट्विटर हैंडल @Khattabyaz की तरफ से मंगलवार शाम को ट्वीट किया गया। आतंकियों ने ट्विट किया कि, 'जब हमें पता चला कि गलती से यह विडियो अपलोड हो गया है, तब हमने इसे हटाने की कोशिश की। हम गलती से अपलोड हुए इस वीडियो के लिए इस्लामिक स्टेट के फॉलोअर्स से माफी मांगते हैं।'
पूरी दुनिया आईएसआईएस की क्रूरता की निंदा कर रही है। खासकर इस वीडियो के बाद सबके होश उड़ गए। गौरतलब है कि साल 2013 अगस्त में सोटलॉफ सीरिया से गायब हो गया था। जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया था। लेकिन मंगलवार को इस वीडियो में अचानक उसे सामने लाया गया।
सामान्य तौर पर आईएसआईएस के वीडियो पहले खुद उनके फोरम पर नजर आते हैं, और बाद में इंटरनेट पर वाइरल होते हैं, जैसा कि अमेरिकी पत्रकार जेम्स फॉली के वीडियो के मामले में हुआ था। यह वीडियो अमेरिकी पत्रकार जेम्स फॉली की हत्या के 2 सप्ताह बाद सामने आया है।












Click it and Unblock the Notifications