भारत से विवाद के बाद खतरे में नेपाल के प्रधानमंत्री ओली की कुर्सी, आज बुलाई कैबिनेट बैठक
नई दिल्ली: भारत के साथ तनाव बढ़ाने और विवादित नक्शा संसद में पास करवाने के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की कुर्सी खतरे में पड़ गई है। विपक्ष के बाद उनके अपने ही उनसे बुरी तरह नाराज हो गए हैं। मंगलवार को इन सब मामलों को लेकर सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हुई। जिसमें उनकी अपनी ही पार्टी के बड़े नेताओं ने उनसे इस्तीफा मांग लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आज पीएम ओली ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है।

नेपाली मीडिया के मुताबिक स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों ने ओली से कहा कि भारत ही नहीं उनकी पार्टी खुद उनसे इस्तीफा मांग रही है। ओली के मुताबिक उनको पीएम की कुर्सी से हटाने के लिए साजिश रची जा रही है। जिस पर स्टैडिंग कमेटी ने उनसे सबूत मांगे हैं। जिसके बाद कुर्सी बचाने के लिए पीएम ओली ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई है। पार्टी की नाराजगी के बाद ओली को उम्मीद है कि उनकी कैबिनेट इन मुद्दों पर उनका समर्थन करेगी। इससे पहले पार्टी के सह-अध्यक्ष पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' उनको समर्थन देने को अपने राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी भूल मान चुके हैं।
ओली ने भारत पर लगाए आरोप
बता दें कि हाल ही में ओली ने अपनी कुर्सी पर छाए संकट के लिए भारत पर दोषारोपण किया था और कहा था कि उनकी सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है। यही नहीं उन्होंने यह भी दावा किया था कि उन्हें कुर्सी से हटाना असंभव है। उन्होंने आरोप लगाए थे कि भारत ने काठमांडू स्थित दूतावास में और एक होटल में उनकी सरकार गिराने के लिए साजिश रची है। उनकी दलील है कि भारत उनसे नेपाली संसद से नया राजनीतिक नक्शा पास करवाने के लिए संविधान संशोधन करवाए जाने से नाराज है। जबकि, हकीकत पहले से ही सामने आ रही है कि न तो उनके कार्यकलापों से उनकी पार्टी के नेता ही खुश हैं और न ही विपक्षी नेपाली कांग्रेस।












Click it and Unblock the Notifications