Afghanistan Row: अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य अभियान का अंत, 20 साल बाद लौटी सेना, बाइडेन ने कही ये बात
वाशिंगटन, 31 अगस्त। अफगानिस्तान में अमेरिका की करीब 20 साल से अधिक समय की मौजूदगी का अंत हो गया है।अमेरिकी सेना के अंतिम तीन विमानों ने कल देर रात काबुल एयरपोर्ट से उड़ान भरी, जिसके बाद अब अफगानिस्तान में अमेरिका की सैन्य उपस्थिति खत्म हो गई है। इस बारे में बयान देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि 'अफगानिस्तान में हमारी सैन्य उपस्थिति पूरी तरह से अब समाप्त हो गई है।'

Recommended Video
उन्होंने कहा कि पिछले 17 दिनों में हमारे सैनिकों ने 1,20,000 से अधिक अमेरिकी नागरिकों और अफगानियों को एयरलिफ्ट कराया है इसके लिए मैं सशस्त्र बलों को धन्यवाद देता हूं। बाइडेन ने कहा कि जो लोग अफगानिस्तान छोड़ना चाहते हैं उनके लिए हवाई अड्डे को फिर से खोलने की व्यवस्था बनाई जाएगी। मालूम हो कि बाइडेन आज राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं।

जहां बाइडेन ने ये बात कही, वहीं दूसरी ओर अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मीडिया में बयान दिया कि 'अमेरिका मे पूरी तरह से काबुल में राजनयिक उपस्थिति को खत्म कर दिया है और अब हम अपना संचालन दोहा (कतर) से करेंगे। अमेरिकी सैन्य उड़ानें समाप्त हो गई हैं,हमारे सैनिक अफगानिस्तान से चले गए हैं लेकिन अमेरिका, अफगान के लोगों की मानवीय सहायता का समर्थन करते रहेंगे, जो कि संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, गैर सरकारी संगठनों के जरिए संभव होगा, हम उम्मीद करते हैं कि तालिबान हमारे प्रयासों में विघ्न पैदा नहीं करेगा। अभी भी अफगानिस्तान में अब भी करीब 200 अमेरिकी हैं, जिन्हें निकालने की पूरी कोशिश होगी।
जबकि सीएनएन की ओर से भी ट्वीट करके सैन्य अभियान के खत्म होने के बारे में जानकारी दी गई है। उसने ट्ववीट किया कि 'हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से तीन सी-17 विमान लगातार निकल रहे हैं। अभी काबुल में आधी रात है। यह अफगानिस्तान में अमेरिकी उपस्थिति का अंत है।'

गौरतलब है कि काबुल एयरपोर्ट पर आईएसआईएस-के के हमले के बाद अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों साजिशकर्ता आतंकियों को ड्रोन हमले में उड़ा दिया था जिस पर तालिबान बौखला गया था और उसने कड़े शब्दों में कहा था कि अगर अफगानिस्तान में अमेरिका को कोई दिक्कत थी, तो उसके लिए उसे तालिबान से संपर्क करना चाहिए था, ना कि वो खुद अफगानिस्तान पर हमला कर दे। फिलहाल उसने कहा था कि जब अमेरिकी सैनिक पूरी तरह से यहां चले जाएंगे तो वो अपने नए कैबिनेट का ऐलान करेगा, अब जब अमेरिकी सैनिकों ने अफगानिस्तान छोड़ दिया है तो देखते हैं कि तालिबान का अब अगला कदम क्या होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications