तालिबान के आतंकियों ने अफगानी सिंगर को उतारा मौत के घाट, कुछ दिन पहले साथ बैठकर पी थी चाय
काबुल, अगस्त 29। अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद अब तालिबान के आतंकी नरसंहार पर उतर आए हैं। आए दिन राजधानी काबुल और अन्य इलाकों से भी तालिबानी आतंकियों के दिल दहला देने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं। इस बीच तालिबान के लड़ाकों ने एक अफगानी फोक सिंगर फवाद अंदराबी की हत्या कर दी है। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, फवाद अंदराबी को आतंकियों ने गोली मारी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

कुछ दिन पहले सिंगर के साथ चाय पीकर गए थे आतंकी
रिपोर्ट के मुताबिक, फवाद अंदराबी की हत्या अंदराबी घाटी में की गई है। ये इलाका बगलान प्रांत में है, जो राजधानी काबुल से करीब 100 किलोमीटर दूर है। अभी फवाद की हत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। फवाद अंदराबी के बेटे जवाद अंदराबी ने बताया है कि ये कोई पहली बार नहीं हुआ है, जब तालिबानी आतंकी उनके घर में घुसे हैं। कुछ दिन पहले भी तालिबानी उनके घर आए थे और घर की तलाशी ली थी। इतना ही नहीं आतंकियों ने फवाद के साथ बैठकर चाय भी पी थी, लेकिन पता नहीं शुक्रवार को क्या हुआ, जो आतंकियों ने उनके पिता को गोली मार दी।
फवाद के बेटे ने इंसाफ के लिए तालिबान काउंसिल से लगाई गुहार
फवाद के बेटे ने आगे कहा कि वह अपने पिता की हत्या के बाद चुप नहीं बैठेगा और न्याय के लिए आवाज उठाएगा। उसने स्थानीय तालिबान काउंसिल में मामला उठाया है और उसे आश्वासन मिला है उसके पिता के हत्यारे को सजा मिलेगी। वहीं इस घटना को लेकर तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया है कि हम भी इस मामले की जांच करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications