अमेरिका-ईरान जंग में मालामाल हुई ये 6 कंपनियां, कमाए 81 अरब डॉलर, कई देशों के कुल बजट से भी कई गुना ज्यादा
US Iran Conflict Oil Prices: अमेरिका-ईरान तनाव और मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष का सबसे बड़ा असर वैश्विक तेल बाजार पर पड़ा। होर्मुज जलडमरूमध्य से सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच अप्रैल से जून 2026 के दौरान कच्चे तेल की कीमत करीब 23% बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। इसका असर दुनिया भर में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों पर पड़ा, जिससे महंगाई बढ़ी।
लेकिन दूसरी तरफ दुनिया की छह सबसे बड़ी तेल कंपनियों ने इसी अवधि में करीब 81 अरब डॉलर (करीब 7 लाख करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड मुनाफा कमाया। यह रकम भारत के 2026-27 के रक्षा बजट 6.81 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर युद्ध से आम लोगों को नुकसान और तेल कंपनियों को फायदा कैसे हुआ?

जंग ने कैसे बढ़ा दिए कच्चे तेल के दाम?
अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान सबसे बड़ी चिंता होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर रही, जहां से दुनिया के करीब पांचवें हिस्से का तेल गुजरता है। सप्लाई बाधित होने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतें तेजी से बढ़ीं। अप्रैल से जून के बीच तेल 70 डॉलर के स्तर से बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। तेल महंगा होने का सीधा असर पेट्रोल, डीजल, एविएशन फ्यूल और एलपीजी पर पड़ा, जिससे दुनिया के कई देशों में महंगाई बढ़ गई।
किन 6 कंपनियों ने कमाए 81 अरब डॉलर?
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल-जून तिमाही में दुनिया की छह बड़ी तेल कंपनियों ने कुल 81 अरब डॉलर का मुनाफा दर्ज किया। इनमें BP, Shell, ExxonMobil, Chevron, TotalEnergies और Saudi Aramco जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। अकेले ब्रिटेन की BP ने 5.73 अरब डॉलर का तिमाही मुनाफा कमाया, जो पिछले साल की समान अवधि से दोगुने से भी ज्यादा है। ऊंची तेल कीमतों ने इन कंपनियों की कमाई में जबरदस्त उछाल ला दिया।
ये भी पढ़ें: US Iran War: क्या ईरान के आगे बेबस हो गया अमेरिका? अब जीत का फॉर्मूला एक्सपर्ट्स से मांग रहा पेंटागन
आम जनता पर क्या पड़ा असर?
तेल की कीमत बढ़ने का असर सिर्फ पेट्रोल पंप तक सीमित नहीं रहता। कच्चा तेल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट की लागत बढ़ती है, जिससे खाद्य पदार्थ, रोजमर्रा का सामान, हवाई यात्रा और उद्योगों की लागत भी बढ़ जाती है। कई देशों में बिजली और गैस के बिल भी बढ़े। यानी जहां तेल कंपनियों के मुनाफे में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई, वहीं आम लोगों को महंगाई और बढ़े हुए खर्च का सामना करना पड़ा।
BP क्यों बदल रही है अपनी रणनीति?
रिकॉर्ड मुनाफे के बावजूद BP का कहना है कि मौजूदा हालात हमेशा नहीं रहेंगे। कंपनी की CEO मेग ओ'नील ने संकेत दिया है कि BP अब कमाई वाले पारंपरिक तेल और गैस कारोबार पर ज्यादा फोकस करेगी। इसी रणनीति के तहत कंपनी अपनी कुछ क्लीन एनर्जी परिसंपत्तियां और अमेरिकी रिन्यूएबल गैस कंपनी Archaea सहित कुछ कारोबार बेचने की तैयारी में है। विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी भविष्य के जोखिमों को देखते हुए अपना पोर्टफोलियो बदल रही है।
ये भी पढ़ें: US F35 Jet Crash: अमेरिका का सबसे ताकतवर स्टील्थ फाइटर जेट क्रैश, जलते विमान से कैसे बची पायलट की जान?
रिकॉर्ड कमाई पर क्यों उठ रहे हैं सवाल?
BP समेत कई तेल कंपनियों की रिकॉर्ड कमाई के बाद Greenpeace और End Fuel Poverty Coalition जैसे संगठनों ने कड़ी आलोचना की है। उनका कहना है कि जब दुनिया भर के लोग महंगे ईंधन और बिजली के बोझ से जूझ रहे हैं, तब तेल कंपनियां अरबों डॉलर का मुनाफा कमा रही हैं। इन संगठनों ने सरकारों से मांग की है कि अतिरिक्त मुनाफे पर विंडफॉल टैक्स (Windfall Tax) लगाया जाए और उससे मिलने वाली राशि का इस्तेमाल आम लोगों के ऊर्जा बिल और महंगाई का बोझ कम करने में किया जाए।


Click it and Unblock the Notifications
