अफगानिस्तान एयरफोर्स की एयरस्ट्राइक में 54 तालिबान आतंकियों की मौत, मरने वालों में पाक नागरिक भी
काबुल, 4 अगस्त: अफगानिस्तान की एयरफोर्स की ओर से की गई एयरस्ट्राइक में कम से कम 54 तालिबान आतंकवादी मारे गए हैं। वहीं 16 घायल हुए हैं। मरने वालों में अल-कायदा से जुड़ा एक पाकिस्तानी नागरिक अहमदी और दो तालिबानी कमांडर भी शामिल हैं। अफगान रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात को अफगान वायु सेना ने ये हवाई हमले किए हैं। ये स्ट्राइक हेलमंद प्रांत के बाहरी इलाके में की गई हैं।

अफगानिस्तान की वायुसेना ने तालिबान के ठिकानों पर ये स्ट्राइक ऐसे समय में किए हैं, जब विदेशी फौजें वापस चली गई हैं और तालिबान की ओर से लगातार हिंसा में वृद्धि देखी जा रही है। तालिबान ने अफगान बलों और नागरिकों पर लगातार हमले किए हैं। ऐसे में अब अफगान वायुसेना ने मोर्चा संभाला है। पिछले कुछ हफ्तों में, तालिबान ने देश के पूर्वोत्तर प्रांत तखर सहित अफगानिस्तान के कई जिलों पर कब्जा कर लिया है।
दक्षिण अफगानिस्तान में तालिबान ने हेलमंद प्रांत की राजधानी के 10 में से नौ जिलों पर कब्जा कर लिया है। हेलमंद प्रांतीय परिषद के उपाध्यक्ष मजीद अखूंद ने पुष्टि की कि तालिबान ने लश्कर गाह के नौ जिलों और शहर के टीवी तथा रेडियो स्टेशन पर कब्जा कर लिया और उनका प्रसारण बंद हो गया है। वहीं दूसरी ओर अमेरिका और नाटों के 95 फीसदी सैनिक वापस जा चुके हैं और बाकी बचे सैनिक 31 अगस्त तक अफगानिस्तान से लौट जाएंगे।
अफगान वायुसेना ने तेज किए हमले
अफगानिस्तान की एयरफोर्स लगातार तालिबान आतंकवादियों को निशाना बना रही है। अफगान एयरफोर्स ने नंगरहार, लोगर, कंधार, फराह, हेरात, जोज्जान, बल्ख, समांगन, फरयाब, सर-ए पोल, हेलमंद, तखर, कुंदुज, बगलान में हमले किए हैं। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय की तरफ से यह भी कहा गया है कि एयरफोर्स के हमले में तालिबान आतंकवादियों की गाड़ियों तथा भारी मात्रा में गोला बारूद भी नष्ट हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications