बोनस में 50 महीने की सैलरी, जानें शिपिंग कंपनी के कर्मचारियों के खातों में आए कितने पैसे ?
एवरग्रीन मरीन नाम की ताइवान की एक शिपिंग कंपनी ने अपने कर्मचारियों को जितना बोनस दिया है, वैसा कभी सुनने में नहीं आया था। यह बोनस चार साल की सैलरी से भी ज्यादा है।

एवरग्रीन मरीन नाम की एक शिपिंग कंपनी के कर्मचारियों की किस्मत का ताला खुल गया है। इसके कर्मचारियों के खाते में एक महीने में इतना बोनस आया है, जो चार साल की सैलरी से भी ज्यादा है। कंपनी ने अपना खजाना खोला है तो इसके पीछे कारण ये है कि कोरोना महामारी के चलते उसे बंपर कमाई हुई है। इस वजह से उसने अपने स्टाफ से भी मुनाफा शेयर करने का फैसला किया है। दिलचस्प बात ये है कि दो साल पहले इसी कंपनी का एक विशाल जहाज स्वेज नहर में फंस गया था, जिसकी वजह से दुनियाभर के देशों को परेशानियां झेलनी पड़ी थी।

बंपर मुनाफा तो बोनस में 50 महीने की सैलरी
एक शिपिंग कंपनी को इस साल इतना मुनाफा हुआ है कि उसने अपने कर्मचारियों के लिए खजाना ही खोल दिया है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक ताइवान की शिपिंग कंपनी एवरग्रीन मरीन ने इस साल करीब 20.7 बिलियन डॉलर का बिजनेस किया है। इसके बाद कंपनी ने अपने कर्मचारियों को साल के अंत में दी जाने वाली बोनस की रकम 50 महीने की सैलरी या चार साल से ज्यादा के वेतन के बराबर एक बार में जारी कर दिया है। जिस शख्स के हवाले से यह रिपोर्ट सामने आई है, उसके मुताबिक कर्मचारियों को यह लाभ उसके जॉब ग्रेड और जिम्मेदारियों के आधार पर दिया गया है।

साल के अंत में जारी किया गया है बोनस
हालांकि, उस शख्स ने अपनी पहचान नहीं जाहिर होने देने की गुजारिश करते हुए कहा है कि यह मेगा बोनेस सिर्फ ताइवान-स्थित कॉन्ट्रैक्ट वाले स्टाफ को ही मिलेगा। एवरग्रीन मरीन ने शुक्रवार को जारी बयान में सिर्फ इतना कहा था कि साल के अंत में दिया जाने वाला बोनस उस साल कंपनी और इसके कर्मचारियों के व्यक्तिगत परफॉर्मेंस के आधार दिया जाता है, लेकिन उसमें इसके बारे में ज्यादा जानकारी देने से मना कर दिया गया था।

दो साल में तीन गुना बढ़ा कंपनी का मुनाफा
एवरग्रीन मरीन ने अपने कर्मचारियों पर जो उदारता दिखाने का ऐलान किया है, उसके पीछे पिछले दो वर्षों में शिपिंग उद्योग में आया अप्रत्याशित उछाल है। इसकी वजह कोरोना महामारी की वजह से कंज्यूमर गूड्स की मांग बढ़ना और माल भाड़ा में आया उछाल बताया जा रहा है। साल 2022 में इसका राजस्व बढ़कर कुल 20.7 बिलियन डॉलर रहने का अनुमान है, जो 2020 के मुकाबले तीन गुना से ज्यादा है।

कुछ कर्मचारियों को 53 लाख रुपए (65,000 डॉलर) से भी ज्यादा मिले
यह वही एवरग्रीन मरीन कंपनी है, जो साल 2021 में गलत वजह से दुनियाभर चर्चा में आई थी। इसका एक मालवाहक जहाज स्वेज नगर में फंस गया था, जिसके चलते पूरी वैश्विक सप्लाई चेन अटक गई थी। लेकिन, ताइपे के इकोनॉमिक डेली न्यूज ने पिछले हफ्ते रिपोर्ट दी है कि वही कंपनी ने इस बार 52 महीने तक की सैलरी के बराबर कर्मचारियों के लिए बोनस जारी किया है। इस न्यूज रिपोट्र के मुताबिक 30 दिसंबर को कुछ कर्मचारियों के खातों में 65,000 अमेरिकी डॉलर से ज्यादा यानि 53 लाख 48 हजार रुपए से भी ज्यादा का बोनस मिला है। हालांकि, उस रिपोर्ट में इस जानकारी का स्रोत नहीं बताया गया।

चीनी स्टाफ ने लगाया भेदभाव का आरोप
लेकिन, ऐसा नहीं है कि एवरग्रीन मरीन के हर कर्मचारी की किस्मत का ताला खुला है। Caixin ने स्थानीय कामगारों के हवाले से बताया है कि चीन के शंघाई स्थित इसके कर्मचारियों ने कंपनी पर भेदभाव का आरोप लगाया है। क्योंकि, इसके मुताबिक उन्हें उनकी सैलरी से सिर्फ 5 से 8 गुना ज्यादा ही बोनस दिया गया है।

इस साल मुनाफे को लेकर अभी से दी जा रही है चेतावनी
हालांकि, शिपिंग उद्योग की ओर से चेतावनी दी जा रही है कि पिछले साल भले ही इस कंपनी के कर्मचारियों की किस्मत चमक गई हो। लेकिन, ग्लोबल ग्रोथ घटने और भाड़े में गिरावट की वजह से इस साल मुनाफे पर मार पड़ सकती है। मसलन, एवरग्रीन मरीन का स्टॉक पिछले साल 54% बढ़ा है, जबकि, 2021 में इसमें 250% की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications