अफगानिस्तान में मोर्टार हमले में 30 ग्रामीणों की मौत
काबुल। अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत के एक गांव में बुधवार रात मोर्टार हमले में 30 ग्रामीणों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया, "मयान दाजु गांव में बुधवार रात घरों पर कई चक्र मोर्टार गिरने से कम से कम 30 ग्रामीणों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।"

उन्होंने बताया कि घटना में हताहत और घायल हुए अधिकांश लोग एक घर में मौजूद थे, जहां शादी का समारोह चल रहा था। यह घटना सुरक्षा बलों और तालिबानी आतंकवादियों के बीच संघर्ष के दौरान हुई।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें हेलमंद की राजधानी लश्कर गाह के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूत्र ने बताया, "कई घायलों की हालत नाजुक है, लिहाजा हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।"
पिछले कुछ महीनों से लश्कर गाह के संगीन जिले में तालिबान और अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष तेज हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले ही नाटो नेतृत्व वाली सेना इस जिले से जा चुकी है। अमेरिका और नाटो नेतृत्व वाली सेना के शेष सैनिक गुरुवार से अफगान सुरक्षा बलों के सहायक की भूमिका में होंगे। वे अफगानिस्तान के सैनिकों को प्रशिक्षण, सलाह और सहायता देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications