कनाडा के 3 थिएटर में अज्ञात लोगों ने गैस का छिड़काव किया, घटना के वक्त सभी हॉल्स में चल रही थी हिंदी फिल्म
कनाडा के ग्रेटर टोरंटो स्थित तीन अलग-अलग थिएटर्स में कुछ अज्ञात आरोपियों ने कोई केमिकल का छिड़काव कर दिया। सभी थिएटर्स में हिंदी फिल्में दिखाई जा रही थी। केमिकल के प्रभाव से सिनेमा हॉल में मौजूद लोगों की तबियत बिगड़ने लगी। सभी दर्शकों को हॉल से बाहर निकाला गया। कुछ लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाना पड़ा। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार पूरी घटना में किसी के गंभीर रूप से जख्मी होने की खबर नहीं है।
यॉर्क की क्षेत्रीय पुलिस के मुताबिक, ऐसी ही एक घटना मंगलवार रात वॉन इलाके के एक मूवी थिएटर में भी हुई थी। पुलिस ने बताया, "नकाबपोश दो लोगों द्वारा एक थिएटर में 'अज्ञात, एयरोसोल-आधारित, परेशान करने वाला पदार्थ' हवा में छिड़कने के बाद कई फिल्म देखने वालों को खांसी होने लगी।" थिएटर के अंदर उस वक्त करीब 200 दर्शक मौजूद थे। सिनेमा हाल में उस वक्त एक हिंदी फिल्म चल रही थी।

घटना के बाद, कई लोगों को इलाज के लिए ले जाय गया। पूरे थिएटर को केमिकल के छिड़काव की वजह से खाली करना पड़ा। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध भागने में सफल रहे।
संदिग्धों के बारे में जानकारी देते हुए, पुलिस ने कहा कि पहला संदिग्ध लाइट स्किन टोन वाला एक ब्लैक आदमी था, जबकि दूसरे व्यक्ति को लाइट स्किन टोन वाला ब्राउन बताया गया था। सीबीसी न्यूज के अनुसार, यॉर्क पुलिस इस सप्ताह हुई ऐसी घटनाओं के बारे में पील और टोरंटो पुलिस दोनों के साथ संपर्क में है।
यॉर्क के एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को कहा, "संयोग से, ये सभी घटनाएं एक ही शाम को तीन घंटे से भी कम समय के भीतर हुईं।" अधिकारी ने कहा, "इसलिए हम निश्चित रूप से इस संभावना पर गौर कर रहे हैं कि ये घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं।"
पील पुलिस ने एक बयान में यह भी पुष्टि की कि परिसर में किसी प्रकार के पदार्थ के छिड़काव की रिपोर्ट के बाद अधिकारियों को मंगलवार को ब्रैम्पटन के एक थिएटर में बुलाया गया था। इसमें कहा गया है कि अधिकारियों ने इमारत खाली करा ली और किसी को गंभीर चोट की कोई खबर नहीं है। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया, "इस समय यह पता नहीं है कि कोई अन्य घटना भी इन घटनाओं से जुड़ी हुई है। लेकिन हमारे जांचकर्ता उन घटनाओं से अवगत हैं जो यॉर्क क्षेत्र और टोरंटो में हुई थीं।"
टोरंटो पुलिस ने कहा कि अधिकारियों को इसी तरह मंगलवार रात को स्कारबोरो टाउन सेंटर के एक थिएटर में किसी के द्वारा "बदबूदार बम" लगाने के बारे में फोन आया था। पुलिस ने कहा कि थिएटर को खाली करा लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पुलिस से जब पूछा गया कि क्या इन घटनाओं की जांच घृणा अपराध के रूप में की जाएगी? इस पर एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा, "इसका कोई स्पष्ट संकेत नहीं है कि यह नफरत से प्रेरित अपराध है, लेकिन हमने एहतियात के तौर पर अपनी घृणा अपराध रोकथाम इकाई को सूचित कर दिया है। वो भी इस जांच में शामिल रहेंगे।"
सिनेप्लेक्स द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि घटना की जांच के लिए वो स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। सिनेप्लेक्स के प्रवक्ता मिशेल सबा ने कहा, "हमारी प्राथमिकता और प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों और हमारी टीम की सुरक्षा और भलाई है।" साथ ही सबा ने सभी दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद करने के लिए सभी टीमों को धन्यवाद कहा।












Click it and Unblock the Notifications