नेपाल में 60 किलो सोना तस्करी मामले में दो और चीनी नागरिक गिरफ्तार, अब तक 23 लोग दबोचे गए
नेपाल की केंद्रीय जांच एजेंसी सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (CIB) ने शुक्रवार को सोना तस्करी मामले में दो और चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चीनियों की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है।
इस तरह सोना तस्करी मामले में अब तक कुल 23 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीआईबी के प्रवक्ता कुबेर कदायत ने कहा कि इन लोगों पर सोने की तस्करी और संगठित अपराध का मामला दर्ज किया जाएगा।

गौरतलब है कि नेपाल के राजस्व विभाग ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 18 जुलाई को डीआरआई ने काठमांडु के सिनामंगल इलाके से तस्करी कर लाया गया भारी मात्रा में सोना जब्त किया था।
सोने को आठ सीलबंद डिब्बों में रखा गया था। जब्ती के समय सीलबंद डिब्बों का कुल वजन 155 किलोग्राम था। बाद में इन डिब्बों को नेपाल के केंद्रीय बैंक के मिंट विभाग को तौलने के लिए भेजा गया। जांच में जब्त किए गए कुल सोने का वजन 60 किलो निकला।
ये सोना मोटरसाइकिल के ब्रेक शूज में छिपाकर रखा था। नेपाल राष्ट्र बैंक के टकसाल प्रभाग ने मंगलवार को जब्त किए गए सोने को उसकी गुणवत्ता और वास्तविक वजन निर्धारित करने के लिए पिघलाया।
इसके बाद जो कुल सोना निकाला गया है, उसका वजन 60.789 किलो निकला है। पूछताछ में पता चला कि यह सोना काठमांडु के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कस्टम जांच से बच गया था। यानि कि नेपाल के सीमा शुल्क विभाग की तरफ से पहले इसे मंजूरी दे दी गई थी।
जांच में सामने आया कि यह खेप चीन के हांगकांग से आई थी और इसे दिल्ली पहुंचाना लक्ष्य था। सीआईबी से पहले नेपाल के डिपार्टमेंट ऑफ रेवेन्यू इन्वेस्टिगेशन (डीआरआई) ने 19 दिनों तक मामले की जांच की और बाद में जांच की जिम्मेदारी सीआईबी को सौंपी गई।
नेपाल में सोने की ये तस्करी का मामला अब तूल पकड़ चुका है। इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भारत और चीन से मदद मांगी हैं। उन्होंने इस घटना की जांच के लिए भारत, चीन और इंटरपोल से संपर्क किया है।












Click it and Unblock the Notifications