16 महीने की बच्ची को घर में अकेला छोड़ छुट्टियां मनाने चली गई मांं, 10 दिनों तक रही गायब, मौत
अमेरिका के ओहियो प्रांत की एक महिला पर अपनी ही बच्ची की हत्या करने का आरोप लगा है। क्रिस्टेल कैंडेलारियो नाम की इस महिला पर आरोप है कि उसने अपनी 16 महीने की बच्ची को घर पर अकेला छोड़ दिया और दूसरे शहर छुट्टियां मनाने चली गई।
31 साल की क्रिस्टेल बच्ची को घर में अकेली छोड़ 10 दिनों तक प्यूर्टो रिको और डेट्रॉइट में मटरगश्ती करती रही। इस दौरान उसकी बच्ची अकेली घर पर मां का इंतजार करती रही।

छुट्टियां मनाकर क्रिस्टेल जब लौटी तो उसने अपनी बच्ची को अचेत पाया। तब तक वह बच्ची भूख-प्यास से तड़पकर मर चुकी थी। इस मामले का खुलासा होने के बाद बच्ची की मां क्रिस्टेल कैंडेलारियो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बेटी की मौत की वजह मां को मानते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का खुलासा 16 जून को हुआ और महिला को 18 जून को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि बच्ची की मां 8 जून को 16 जून तक घर से बाहर रही। जब उन्होंने बच्ची को देखा था तो वह बुरी तरह सूख चुकी थी। ऐसा लगता है कि बच्ची की मौत प्यास से हुई है।
पुलिस की पूछताछ में सुलेयन गोंजालेज नाम की महिला ने बताया कि बच्ची की मां आजाद ख्याल महिला थी और उसे बाहर घूमना बहुत पसंद था। पहले भी वह बच्ची को छोड़कर बाहर जाती थी लेकिन इस दौरान वह पड़ोसियों से बच्ची का ख्याल रखने को कहा करती थी।
महिला ने बताया कि अक्सर उसकी बच्ची का ख्याल उसकी दादी रखती थी। इस बार वह अपनी बेटी को घर में छोड़कर गई थी। उसका ध्यान रखने के लिए भी किसी पड़ोसी से बात नहीं की। सुलेयन ने निराशा जताते हुए कहा, "काश उसने हमें बताया होता तो वह बच्ची आज जिंदा होती।"
पुलिस ने बताया कि इस बारे में अभी ज्यादा कुछ पता नहीं चला है कि आखिरी महिला ने अपनी बच्ची को अकेली घर में क्यों छोड़ा। पड़ोस में 13 साल की बच्ची ने बताया कि क्रिस्टेन की बेटी बहुत ही प्यारी थी।
न्यूजवीक की रिपोर्ट के अनुसार, कैंडेलारियो अब हत्या के आरोपों का सामना कर रही है और उसे 28 जून को प्री-ट्रायल सुनवाई के लिए अदालत में पेश होना है।












Click it and Unblock the Notifications