MP: पारिवारिक विवाद में युवक ने फोड़ा बम, एक की मौत, 15 घायल
इंदौर,15 अगस्त: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पास महू के बेरछा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर बम फेंक दिया। इस पूरे घटनाक्रम में 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए, तो वहीं एक युवक की मौत भी हो गई। वहीं 4 से ज्यादा लोग गंभीर बताए जा रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने गांव में सर्चिंग की, जहां पुलिस प्रशासन ने कुछ बम भी प्राप्त किए हैं। साथ ही आरोपी के घर को सील कर दिया गया है। उधर, इस पूरे घटनाक्रम में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल रैफर किया गया है, तो वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटनाक्रम के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
कुछ इस तरह हुआ पूरा घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक बेरछा गांव में एक परिवार के बीच आपस में विवाद हो रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि, एक पक्ष के युवक ने बम लाकर भीड़ में फोड़ दिया, जिसके बाद 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए, तो वहीं एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, परिवार के बीच आपस में विवाद हो रहा था। इतने में एक युवक बम लेकर आ गया और भीड़ में ले जाकर फोड़ दिया, जहां बम के छर्रे लगने से कई लोग घायल हो गए, तो वहीं मौके पर ही एक युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं इसके बाद घायलों को इलाज के लिए इंदौर स्थित अस्पताल ले जाया गया है, जहां घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, बेरछा गांव में एक ही परिवार के दो गुटों में आपसी विवाद हुआ था, जिसके चलते किसी युवक ने भीड़ में बम फेंक दिया। बम कौन सा था फिलहाल इसकी जानकारी नहीं लग सकी है, लेकिन बम फूटने के चलते ही कई लोग घायल हो गए। पुलिस बड़ी बारीकी से इस मामले की जांच में जुटी हुई है, जहां लगातार ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ-साथ ही अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े- शिवराज सरकार की घोषणा, ऑपरेशन कारम डैम में जुटे पोकलेन ड्राइवरों को मिलेगा इनाम