इंदौर में फिर लगी आग, लकड़ी के गोदाम जलकर खाक!
इंदौर, 23 मई: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में इन दिनों आग लगने का सिलसिला निरंतर जारी है, जहां देर रात एक बार फिर आग लगने से हड़कंप मच गया, अबकी बार इस आग ने जीएनटी मार्केट को अपनी चपेट में ले लिया. जीएनटी मार्केट में लगी आग ने दो दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. देर रात लगी इस आग के चलते इलाके में हड़कंप मच गया. आग की सूचना लगते ही तुरंत दमकल की टीम और पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचे, जहां नगर निगम के टैंकरों की सहायता से दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद अल सुबह आग पर काबू पा लिया गया. लकड़ी की दुकानों में लगी आग इतनी भीषण थी कि इसके फैलने के डर से दमकल की कई टीमें आग बुझाने में जुटी हुई थी, आग जिस दुकान में लगी उसमें लकड़ी की चौखट बनाने का काम होता है, जिसके चलते आग ने पूरी दुकान को अपने चपेट में ले लिया. साथ ही यह आग पास की दुकान में भी फैल गई, जिसके चलते दोनों ही दुकानें जलकर खाक हो गई.

शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका
जानकारी के मुताबिक लकड़ी की दुकान के पास ही डीपी लगी हुई है, जहां शॉर्ट सर्किट के चलते इस आग के लगने की आशंका जताई जा रही है. लकड़ी की दुकान में आग लगने के कारण आग इतनी तेजी से फैली की रहवासी इसे बुझाने में नाकामयाब नजर आए, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, और आग पर काबू पाया. आग बुझाने के लिए आसपास के कई फायर स्टेशनों से गाड़ियों को बुलाया गया था.
फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी के चलते बड़ा हादसा टला
राहत की बात ये रही कि इस आगजनी के चलते किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है. मार्केट में आग लगने के कारण सूखी लकड़ियां रखी हुई थी, जिसमें आग पकड़ने की संभावना ज्यादा थी, लेकिन फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने के कारण आग ज्यादा नहीं फेल सकी, जिसके चलते किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई.
लगातार जारी है आग लगने का सिलसिला
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में इन दिनों लगातार आग लगने का सिलसिला जारी है, जहां पिछले दिनों पीथमपुर की फैक्ट्री में आग लगने से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ था, तो वहीं महिला थाने में लगी आग के चलते कई वाहन जलकर खाक हो गए थे. इससे पहले टिंबर मार्केट में भी आग लग चुकी है, जहां आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ था, तो वहीं अब जीएनटी मार्केट में लगी आग से शहर में हड़कंप मच गया.












Click it and Unblock the Notifications