MP: अचानक पानी बढ़ने से खतरनाक हो जाते हैं ये पर्यटन स्थल, जाएं तो रखें ये सावधानी
इंदौर, 9 अगस्त: मध्यप्रदेश में इन दिनों झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। इसी के चलते प्रदेश में लगातार पर्यटन स्थल अब आबाद नजर आ रहे हैं। पर्यटन स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है, जहां लोग पर्यटन का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी पर्यटन की बात की जाए तो इन पर्यटन स्थलों में मालवा निमाड़ के कई पर्यटन स्थल भी शामिल हैं, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए देश-विदेश में अपनी खास पहचान रखते हैं। लेकिन इन पर्यटन स्थलों पर अचानक पानी बढ़ जाने के कारण यह पर्यटन स्थल अक्सर खतरनाक भी हो जाते हैं, जहां हाल ही में एक हादसा हुआ, जिसमें अचानक पानी भर जाने से लग्जरी कारें नदी में बहती नजर आ रही थी।

इस कारण अचानक बढ़ता है पानी
मालवा निमाड़ अंचल में यदि खतरनाक पर्यटन स्थलों की बात की जाए, तो इनमें मुख्य रूप से पातालपानी, तिन्छा फाल, कालाकुंड, मेहंदी कुंड और जंगलों से निकलने वाली छोटी नदियां शामिल हैं। अक्सर पहाड़ों पर बारिश होने के चलते छोटी नदियों में पानी बढ़ जाता है, जहां यह पानी बहकर इन पर्यटन स्थलों तक आता है। वहीं अचानक पानी बढ़ने से कई बार हादसे तक हो जाते हैं, पातालपानी पर्यटन स्थल पर इस तरह के हादसे कई बार देखे जा चुके हैं, जहां इसके बाद अब सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पर्यटन स्थलों पर किए जाते हैं।

कई बार हो चुके हैं दर्दनाक हादसे
पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ इन दिनों लगातार बढ़ती चली जा रही है, जहां मालवा निमाड़ अंचल के खतरनाक पर्यटन स्थलों पर कई बार बड़े हादसे घटित हो चुके हैं। पातालपानी पर्यटन स्थल की बात करें तो यहां अब से कुछ सालों पहले एक पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया था, जिसमें परिवार के कई लोगों की मौत हो गई थी, तो वहीं पिछले दिनों सुकड़ी नदी में अचानक बाढ़ आ जाने से कई लग्जरी कारें बह गई थी।

लापरवाही बनती है हादसे का कारण
पर्यटन स्थलों पर लगातार हो रहे हादसों के चलते मुख्य पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं, लेकिन पर्यटन के लिए आने वाले पर्यटक आमतौर पर लापरवाही बरतते हुए, जंगलों में निकल जाते हैं, जिसके चलते अक्सर घने जंगलों में छोटी नदियां बहती रहती हैं, जिनमें पानी बढ़ जाने से हादसे घटित हो जाते हैं। वहीं कई हादसे नहाने के दौरान पानी की गहराई का अंदाजा ना होने के चलते भी घटित होते हैं।

पर्यटकों को रखनी होगी यह सावधानी
पर्यटन के लिए जाने वाले पर्यटक यदि सावधानी रखें तो इस तरह के हादसों से बचा जा सकता है, जहां पर्यटक उन्हीं स्थानों पर पर्यटन के लिए जाए, जहां सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त हैं, या फिर पर्यटन पर जाएं तो नदी में उतरने से बचें। साथ ही उन नदियों से दूरी बनाए रखें, जिनमें अचानक पानी बढ़ता हो, साथ ही नहाने के दौरान बेहद सावधानी रखी जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications