MP: भारी बारिश के साइड इफेक्ट, नर्मदा नदी पर बने ब्रिज के पिलर में दरार
इंदौर, 25 अगस्त: मध्यप्रदेश में झमाझम हुई भारी बारिश का साइड इफेक्ट अब दिखने लगा है, जहां लगातार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बारिश के बाद तबाही की तस्वीर निकलकर सामने आ रही है। वहीं प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पास बड़वाह में नर्मदा नदी पर बने पुल के एक पिलर में दरार आ गई, पुल से आवाजाही कर रहे वाहन चालकों ने जैसे ही इस दरार को देखा, वैसे ही इसकी सूचना प्रशासन को दी गई, जिसके बाद तत्काल पुल से आने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। वहीं मौके पर प्रशासन के आला अधिकारी इंजीनियरों की टीम के साथ पहुंचे, जहां पिलर में आई दरार का निरीक्षण किया गया।
Recommended Video

यातायात रोक कर की गई पुल की जांच
नर्मदा नदी का जलस्तर कम होने के बाद पुल के पिलर में आई दरार नजर आई, जहां भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने पुल की जांच की, वहीं पुल की जांच होने पर यातायात रोक दिया गया था, जिसके बाद जांच रिपोर्ट आने तक पुल पर यातायात रोका गया। इस बीच पुल के पिलर में आई दरार से हड़कंप मच गया, जहां आसपास के ग्रामीण इस दरार को देखने पहुंच गए। वहीं नर्मदा नदी एक बार फिर खतरे के निशान के पास पहुंच गई, जिसके बाद अब हालात सामान्य नजर आ रहे हैं।
दूसरे नंबर के पिलर में देखी गई दरार
जानकारी के मुताबिक बड़वाह के पास मोरटक्का स्थित नर्मदा नदी पर बने पुल के पिलर में दरार दिखने का मामला सामने आया, जहां यह दरार खेड़ी घाट छोर पर दूसरे नंबर के पिलर में देखी गई। ग्रामीणों ने इस दरार को पुराना बताया, लेकिन बावजूद इसके दरार दिखते ही हड़कंप मच गया। दरार दिखने की सूचना मिलते ही प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, और इंजीनियरों की टीम से निरीक्षण कराया। वहीं अब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।
भारी बारिश के चलते बने हालात
प्रदेश में इस बार अच्छी खासी बारिश देखने मिली है। यही कारण रहा कि, अलग-अलग हिस्सों में हुई भारी बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ते चला गया। वहीं बढ़ते जल स्तर का प्रभाव मोरटक्का में भी देखा गया, जहां लगातार नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर नजर आई। वहीं अब नर्मदा नदी में आई बाढ़ को इस दरार की मुख्य वजह माना जा रहा है। लेकिन फिलहाल रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि आखिर यह दरार कितनी पुरानी है।












Click it and Unblock the Notifications