MP में श्रीकृष्ण लीलाओं वाली जगहों का होगा विकास, उज्जैन संदीपनी आश्रम की भी बदलेगी रंगत, सीएम शिवराज का ऐलान
Shri Krishna: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यादव समाज का देश के विकास में बड़ा योगदान है। समाज ने खेती-किसानी, दुग्ध उत्पादन, गो-पालन, देश की सुरक्षा, खेल, शिक्षा, व्यापार-व्यवसाय सहित विकास के हर क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से प्रेरणा पाकर इस समाज ने अपनी उन्नति की है और देश में अपना विशेष स्थान बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण विश्व गुरू हैं और सर्वव्यापी हैं। उन्होंने गीता के माध्यम से देश-दुनिया को नई राह दिखाई है।
मुख्यमंत्रीचौहान ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण से जुड़ी लीलाओं से संबंधित मध्यप्रदेश में स्थित सभी स्थानों को चिन्हित कर उनका विकास किया जायेगा। उज्जैन में सांदीपनि आश्रम का भी विकास किया गया है। मुख्यमंत्री इंदौर में यादव समाज प्रमुख कार्यसमिति (कोर कमेटी) के प्रतिभा सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबको मिल कर समाज को मजबूत बनाना होगा।

समाज मजबूत एवं संगठित होगा तो देश भी मजबूत और संगठित रहेगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के बताये मार्ग पर चलना हमारा परम कर्त्तव्य है। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से हमें नई राह दिखायी, इस ग्रंथ से हमें ऊर्जा एवं शक्ति मिलती है। यह ग्रंथ दुनिया का अद्भुत ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गो-शाला संबंधी बनी नीति में आवश्यकता अनुसार सुधार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि गो-शालाओं में गो-पालन के लिये दी जाने वाली राशि को बढ़ा कर 4 गुना तक किया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस दौरान इंदौर में अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा स्थापित करने, स्मारक बनाने तथा पदम् श्री डॉ.भक्ति यादव की प्रतिमा उपयुक्त स्थल पर लगाये जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर में यादव समाज के बच्चों के विद्या अध्ययन एवं छात्रावास के लिये उपयुक्त स्थान चिन्हित कर भूमि आरक्षित करने के प्रयास किये जायेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सामाजिक क्रांति का सूत्रपात किया। उन्होंने शिक्षा से समाज को नई दिशा दिखायी। अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना सिखाया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से संस्कृति, संस्कार, परंपरा, नैतिक शिक्षा एवं पराक्रम के संबंध में सामाजिक चेतना जागृत की जाये।












Click it and Unblock the Notifications