सीहोर के कुबरेश्वर धाम में गिरा भोजनशाला का शेड, कथावाचक प्रदीप मिश्रा बोले....
सीहोर, 13 जुलाई: प्रदेश भर में गुरु पूर्णिमा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जहां राजधानी भोपाल के पास सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में भी धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे थे। इस बीच देर शाम कुबेरेश्वर धाम स्थित भोजनशाला का शेड अचानक गिर गया, जिसके चलते कई श्रद्धालु घायल हो गए, जैसे ही यह घटनाक्रम हुआ, वैसे ही कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया, जहां तुरंत इस घटनाक्रम की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई, जिसके बाद सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची, और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया। इस घटना में करीब 20 से ज्यादा श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं, जहां सभी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, तो वहीं दो घायलों को राजधानी भोपाल रेफर करने की सूचना भी मिल रही है।

कुछ इस तरह हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो यह हादसा करीब रात 8 बजे के आसपास हुआ, जहां तेज बारिश और आंधी चलने के कारण श्रद्धालु भोजनशाला के डोम में चले गए, जिसके बाद लगातार जारी तेज बारिश और हवा आंधी के कारण डोम गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं इस घटनाक्रम की जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

हवा और प्रकृति के आगे किसकी चली है- प्रदीप मिश्रा
हादसे की सूचना मिलते ही कथा वाचक प्रदीप मिश्रा भी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, यह तो प्राकृतिक आपदा है। सारी चीजें सब अच्छी है, पर हवा के आगे, प्रकृति के आगे किसकी चली है, यह प्राकृतिक आपदा तो चलती रहती है, यह जीवन है मनुष्य का, इसके अंतर्गत जो हवा चली है, उसके अंतर्गत थोड़ा टेंट नीचे गिरा है।

हादसे की सूचना मिलते ही रवाना हुए अधिकारी
राजधानी भोपाल के पास सीहोर स्थित चितावलिया हेमा में निर्माणाधीन मुरली मनोहर और कुबेरेश्वर महादेव मंदिर है, जहां गुरु पूर्णिमा महोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसी के अंतर्गत तेज हवा और आंधी चलने के कारण भोजनशाला का शेड गिर गया। इस हादसे की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से तमाम पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी कुबेरेश्वर धाम के लिए रवाना हुए।












Click it and Unblock the Notifications