Indore News: रीवा घटनाक्रम के बाद सख्ती, खुले बोरवेल की सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम
मध्य प्रदेश के रीवा से बच्चे के बोरवेल में गिरने का घटनाक्रम सामने आया था, जहां बोरवेल में गिरने के चलते बच्चों की मौत हो गई थी। इस घटनाक्रम के बाद मध्य प्रदेश के सभी जिलों में खुले बोरवेल के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है, जहां प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने कलेक्टर और अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर खास दिशा-निर्देश दिए हैं।
संभाग आयुक्त दीपक सिंह के द्वारा ली गई बैठक में कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए खुले बोरवेल के खिलाफ कार्रवाई करने और ऐसे बोरवेल की जानकारी देने वाले को उचित नाम देने की घोषणा भी की गई है। वहीं संभावना जताई जा रही है कि, जैसे-जैसे एक खुले बोरवेल की जानकारी सामने आएगी, वैसे-वैसे बोरवेल मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संभागायुक्त दीपक सिंह ने कहा है कि, सभी ज़िलों में खुले बोरवेल को बंद करने का काम गंभीरता से किया जाए। कलेक्टर इसके लिए योजना बनाकर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें। संभागायुक्त ने गूगल मीट के ज़रिए संभाग के सभी जिला कलेक्टरों से इस संबंध में चर्चा की। बैठक में ग्रीष्मकाल में सतत् पेयजल आपूर्ति के संदर्भ में भी चर्चा की गई।
इस बैठक में कलेक्टर धार प्रियंक मिश्रा ने बताया की, धार ज़िले में शासकीय तंत्र के द्वारा खुले बोरवेल के संबंध में जानकारी एकत्र की गई है। तथापि यह पहल की जा रही है कि ज़िले में जहाँ कहीं भी खुले में बोरवेल होने की सूचना किसी नागरिक द्वारा दी जाएगी तो उसे पुरस्कृत भी किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न ज़िलों के कलेक्टरों ने बताया कि, उनके ज़िलों में असफल नलकूप सहित खनन किए गए सभी बोरवेल की जानकारी संकलित कर ली गई है और राजस्व एवं पंचायत ग्रामीण विकास विभाग के मैदानी अमले से इस संबंध में प्रमाण-पत्र प्राप्त किए जा रहे हैं। कलेक्टर आलीराजपुर अभय बेडे़कर ने बैठक में बताया कि उनके ज़िले में गत दिसम्बर में बोरवेल में एक बच्चे के गिरने की दुर्घटना हुई थी। इसके बाद से ही प्रशासन सतर्क होकर कार्य कर रहा है। उक्त प्रकरण में संबंधित बोरवेल के मालिक के ख़िलाफ़ पुलिस में एफ़आइआर भी दर्ज की गई थी।
ये भी पढ़े- Indore News: पुलिसकर्मियों को धमकाने वाले बदमाश की हेकड़ी निकली, हाथ जोड़कर माफी मांगी












Click it and Unblock the Notifications