MP के इस शहर में बारिश का कहर, कहीं डूबी गाडियां, तो कहीं डूब रहे घर
इंदौर, 10 अगस्त: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है, जहां बारिश कहर बरपा रही है, लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त नजर आ रहा है, तो वहीं निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न होने लगी है। बारिश के चलते सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिसके चलते अब वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कहीं कार तैरती नजर आ रही है, तो कहीं घरों में पानी घुस रहा है। देखा जाए तो मिनी मुंबई कहे जाने वाले शहर इंदौर में इन दिनों लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ते चले जा रहे हैं।

स्कूलों की छुट्टी घोषित, प्रशासन अलर्ट
इंदौर समेत आस-पास के इलाको में बीती रात से तेज बारिश का सिलसिला जारी है, जहां इसी के मद्देनजर प्रशासन की ओर से स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है, तो वहीं शहर के मध्य में बहने वाली कान्ह नदी भी उफान पर नजर आ रही है, लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए नगर निगम प्रशासन भी अलर्ट नजर आ रहा है।
महापौर और अधिकारियों ने संभाला मैदान
देर रात झमाझम बारिश होने के चलते कई इलाकों से जलजमाव की शिकायतें मिलने लगी थी, जिसके बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव मैदान में नजर आए, जहां उन्होंने निचली बस्तियों का दौरा कर जलजमाव के हालातों की जानकारी ली। इसी के साथ नगर निगम के अधिकारी भी अलर्ट मोड़ पर नजर आ रहे थे, जहां लगातार महापौर पुष्यमित्र भार्गव नगर निगम के अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे थे। देर शाम से देर रात तक चली भारी बारिश के चलते शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए, तो वही सड़क नदी में तब्दील हो गई।
आगे ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो प्रदेश में इन दिनों बारिश का अच्छा खासा सिस्टम एक्टिव है, जिसके चलते प्रदेश भर में भारी बारिश का सिलसिला देखने मिल रहा है, तो वहीं आने वाले दिनों में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जहां आगामी 20 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications