स्वच्छता के बाद अब जल संरक्षण में नंबर वन बनेगा इंदौर, अधिकारियों ने संभाला मैदान
इंदौर, 3 मई: स्वच्छता में नंबर वन इंदौर शहर अब जल संरक्षण के मामले में भी नंबर वन बनने की तैयारी करता नजर आ रहा है. इसी को लेकर अब अधिकारियों ने मैदान संभाल लिया है, तो वहीं अलग-अलग स्तर पर जन जागरूकता अभियान भी शुरू कर दिए गए हैं. जल संरक्षण महाअभियान के तहत शहर के मंदिरों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है, तो वहीं भगवान को चढ़ने वाला जल सीधे जमीन में जा सके, इसको लेकर भी खास प्लान तैयार किया जा रहा है. उधर, अधिकारियों ने शहर में स्थित बावड़ियों और कुएं समेत भू-जल स्त्रोतों का निरीक्षण किया. कुल मिलाकर देखा जाए तो इंदौर में अब भू जल बढ़ाने की कवायद तेज हो चुकी है, तो वहीं बारिश से पहले वॉटर हार्वेस्टिंग से जुड़े सभी कामों को पूरा करने के लिए नगर निगम इंदौर तैयार नजर आ रहा है.

निगमायुक्त ने किया बावड़ियों का निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल अधिकारियों के साथ बावड़ियों और कुएं का निरीक्षण करने निकली, जहां उन्होंने भू जल संरक्षण अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा करते हुए प्राचीन बावड़ी और अन्य जल स्त्रोतों का निरीक्षण किया. इस दौरान निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. साथ ही बावड़ियों के आसपास सुंदर स्थल का निर्माण करने और रहवासियों को बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए.
बावड़ियों के आसपास होगा पौधारोपण
भूजल का एक बड़ा स्त्रोत बावड़ियां भी है. इसी के चलते शहर की प्राचीन बावड़ियों को पुनः जीवित किया जा रहा है, जहां इन बावड़ियों की साफ सफाई की जा रही है, तो वहीं इन बावड़ियों के आसपास पौधा रोपण कर प्राकृतिक वातावरण का निर्माण किया जा रहा है, इतना ही नहीं बावड़ियों को रिपेयर करने और इसके आसपास सफाई रखने के निर्देश भी अधिकारियों ने दिए हैं.












Click it and Unblock the Notifications