Indore news: क्या टमाटर के बाद अब प्याज रुलाएगा महंगाई के आंसू, जानिए?
किसी भी व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी सब्जियों से होकर गुजरती है, लेकिन यदि इन सब्जियों के दाम ज्यादा हो तो इसका सीधा असर लोगों की जेब पर भी पड़ता है। हाल ही में टमाटर के बढ़े हुए दामों से परेशान लोगों को अब प्याज की कीमत बढ़ने का डर सता रहा है, जहां प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में फिलहाल तो प्याज की कीमत सामान्य है, लेकिन भविष्य में प्याज की कीमत को लेकर संशय बरकररार है।
इंदौर में प्याज की कीमत की बात करें तो सब्जी मंडी में प्याज की कीमत फिलहाल 20 से 22 रुपए प्रति किलो तक चल रही है, तो वहीं जनता तक प्याज 25 से 30 प्रति किलो तक पहुंच रही है, फिलहाल सावन का समय होने के कारण अधिकांश घरों में प्याज का उपयोग नहीं किया जाता, इसलिए दाम कम हो सकते हैं, लेकिन आने वाले समय में सावन माह के बाद प्याज के दामों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

मंडी में 20 से 22 रूपए किलो प्याज
आलू-प्याज मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश गर्ग के अनुसार दो दिनों में प्याज के दाम में कोई गिरावट दर्ज नहीं हुई है, जबकि आवक भी सामान्य बनी हुई है। गर्ग के मुताबिक इंदौर से प्याज का निर्यात नहीं होता है, ऐसे में निर्यात शुल्क बढ़ने का व्यापार पर कोई असर नहीं होगा। दिल्ली समेत आसपास की थोक मंडियों में प्याज के दाम तेज हैं, इसके विपरीत इंदौर की मंडी की बात की जाए तो यहां 20 से 22 रुपए प्रति किलो प्याज की बिक्री थोक मंडी में हो रही है।

30 रुपए किलो तक जा सकते हैं दाम
आलू-प्याज मर्चेंट एसोसिएशन के संरक्षक और पूर्व उपाध्यक्ष विजय कुमार गर्ग बताते हैं कि, वर्तमान में प्याज की कीमत क्वालिटी के हिसाब से 18 से लेकर 22 रूपए प्रति किलो तक चल रही है। माल अभी पर्याप्त है, इसलिए ज्यादा तेजी आने की संभावनाएं तो कम दिख रही हैं, लेकिन यदि दाम बड़े भी तो 5 से 7 रुपए प्रति किलो तक बढ़ सकते हैं, आखिरी 30 रुपए तक दाम जा सकते हैं, इससे ज्यादा होने की उम्मीद नहीं दिख रही, जिसके पीछे का कारण किसानों के पास पर्याप्त प्याज का स्टॉक होना है। फिलहाल दो दिन से केंद्र सरकार की ओर से निर्यात पर टैक्स लगा देने के कारण मंडी में प्याज की आवक कम हुई है, लेकिन 1 लाख कट्टे रोजाना मंडी में आ रहे हैं।

आवक पर निर्भर होते हैं दाम
आलू-प्याज के एक अन्य व्यापारी विनोद पाटीदार ने बताया की, आलू और प्याज की कीमत आवक पर निर्भर करती है, फिलहाल आवक अच्छी है इसलिए आलू और प्याज के दाम नियंत्रित हैं, जहां वर्तमान में आलू और प्याज के दाम मंडी में 20 से 22 रुपए प्रति किलो तक हैं। वहीं मंडी से बाहर निकलने के बाद आलू और प्याज के दामों में गाड़ी भाड़ा और अन्य कर जुड़ जाने के कारण जनता तक इसका भाव बढ़कर पहुंचता है। साथ ही पाटीदार बताते हैं की आने वाले दिनों में भी प्याज के दाम आवक पर ही निर्भर करेंगे।

गृहणियों को सता रही दाम बढ़ने की चिंता
गृहणी अंजना बताती हैं कि, फिलहाल बढ़े हुए टमाटर के दामों के कारण घर के बजट पर अच्छा खासा असर दिखाई दिया है, वहीं अब यही प्याज के दाम भी बढ़ेंगे तो काफी मुश्किल हो जाएगी। ऐसी ही एक अन्य गृहणी सीमा बताती हैं कि, फिलहाल तो प्याज कम कीमत में ही बाजार में मिल रहा है, लेकिन यदि आने वाले दिनों में प्याज की कीमत बढ़ेंगी तो काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
ये भी पढ़े- MP Assembly Election 2023 में बढ़ सकती है कड़कनाथ की डिमांड, अभी से तैयार हो रहे चूजे












Click it and Unblock the Notifications