अग्निकांड दे गया जीवन भर का दर्द, किसी के अपने तो किसी के सपनों का हुआ अंत!
इंदौर, 7 मई: देर रात शहर के विजय नगर इलाके की स्वर्ण धाम कॉलोनी में हुए अग्निकांड का दर्द अब धीरे-धीरे सामने आ रहा है, अग्निकांड के शिकार हुए लोगों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. अग्निकांड में 7 लोगों की मौत हो गई, तो वहीं 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है. हादसे के वक्त दो मंजिला बिल्डिंग में 15 से 16 लोगों के होने की संभावना जताई जा रही है. यह लोग इस बिल्डिंग में किराए से रह रहे थे, जिसमें कुछ लोग पढ़ाई या जॉब कर रहे थे, तो वहीं कुछ लोग अन्य कारणों के चलते बिल्डिंग में रह रहे थे. इस हादसे की सूचना जैसे ही बिल्डिंग में रह रहे लोगों के परिजनों को लगी, वैसे ही परिजन अपनों का हाल जानने घटनास्थल पर पहुंचे, जहां वह सभी से यही पूछते नजर आ रहे थे कि आखिर उनका अपना व्यक्ति किस हाल में है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगना बताई जा रही है, वहीं पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

सीएम शिवराज ने जताया हादसे पर दुख
इंदौर में हुए भीषण अग्निकांड की खबर जैसे ही सीएम शिवराज सिंह चौहान को लगी, वैसे ही उन्होंने ट्वीट करते हुए इस घटना पर दुख जताया है. साथ ही उन्होंने जांच के आदेश देते हुए, लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने की बात कही है. इसी के साथ सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा की है.
बिल्डिंग में नहीं थे अग्नि सुरक्षा उपकरण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिल्डिंग में किसी भी तरह के कोई भी अग्नि सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे. साथ ही बिल्डिंग में मुख्य द्वार के अलावा कोई और इमरजेंसी रास्ता नहीं था. संभवतः आग लगने के बाद दम घुटने के कारण कुछ लोगों की मौत हुई है. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, जहां मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है.
कुछ इस तरह हुआ हादसा
अग्निकांड देर रात करीब 3 बजे के आसपास हुआ. इस वक्त बिल्डिंग में रहने वाले सभी लोग गहरी नींद में सोए हुए थे, तभी अचानक आग लग गई. बिल्डिंग में रह रहे लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कुछ लोग झुलस गए, तो कुछ का दम घूट गया. आग की लपटें इतनी विकराल थी कि, इसे बुझाने में दमकल और आसपास के लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.












Click it and Unblock the Notifications