दुनियाभर में पहुंच रही MP के सीताफल की मिठास, किसानों का हो रहा बंपर फायदा
धार, 8 अक्टूबर : सीताफल ऐसा फल है, जो सभी को अच्छा लगता है. यही कारण है की, अक्सर दिपावली के आसपास सीताफल की डिमांड बढ़ जाती है. इसी के चलते अब सीताफल की जोरदार आवक शुरू हो गई है। दीपावली से लगभग एक महीने पहले एवं दीपावली के 15 दिनों बाद तक इस फल की आवक बनी रहती है। धार जिले के नालछा ब्लॉक में सबसे ज्यादा रसायन मुक्त जैविक सीताफल की पैदावार होती है। नालछा के आसपास क्षेत्र का सीताफल स्वाद विशेष मिठास लिए हुए होता है, इसे मांडू का मेवा भी कहा जाता है।

सीताफल की हो रही बंपर आवक
सीताफल पूर्ण रूप से जैविक है, इसके पेड़ों पर किसी भी प्रकार का रासायनिक उर्वरक या कीटनाशक का उपयोग नहीं दिया जाता है. ग्रामीण इसे अपनी बांस टोकरी में रखकर सुविधा अनुसार मोटरसाइकिल या सिर पर रख कर बाजारों में लाते हैं। जैसे- जैसे सीताफल की डिमांड बढ़ रही है, वैसे - वैसे किसानों के चेहरे पर भी मुस्कान खिल रही है. जिले में यदी बात की जाए तो उमरपुरा, कुराडिया, जीरापुर कागदीपुरा, गोलपुरा, सराय, सोडपुर, बरखेड़ा , हैदरी,मोगरा भाव,आदि कई ग्राम से सीताफल की बंपर आवक हो रही है.

टोकरी का कुल इतना है भाव
सीताफल की फसल अच्छी हो जाने और लगातार डिमांड बढ़ जाने के चलते ग्रामीणों का अच्छा मुनाफा हो जाता है। इस बार इस फल की प्रति टोकरी लगभग 200 से 500 रु. तक बिक रही है। इससे ग्रामीणों को आमदनी प्राप्त होती है, जिससे बाजार में रौनक बढ़ती है. धार जिले के सीताफल की डिमांड ना सिर्फ मध्यप्रदेश या देश में है, बल्कि विदेशों तक अब धार जिले के सीताफल की डिमांड बढ़ रही है. इतना ही नहीं सीताफल के लगातार बढ़ रहे उपयोग के चलते भी डिमांड में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.

सीताफल का होता है खास उपयोग
फलों की जब भी बात होती तब सीताफल का नाम विशेष रूप से लिया जाता है. सीताफल मीठा होने के साथ ही एक अच्छे नाश्ते का विकल्प है। इसका उपयोग आइसक्रीम, मिठाई, शेक आदि में उपयोग लाया जाता है। यह एक अच्छी कैलोरी और प्राकृतिक शक्कर वाला स्वादिष्ट फल है। इस फल में कई तरह के प्रोटीन, विटामिन खनिज आदि पाए जाते हैं। सीताफल अपने राज्य के शहर इंदौर, रतलाम, जावरा के अलावा अन्य राज्य के शहर भीलवाड़ा, जयपुर, श्री गंगा नगर(राजस्थान), व महाराष्ट्र जैसे अन्य बड़े शहरों में भी भेजते हैं।












Click it and Unblock the Notifications