बारिश के कारण मां से बिछड़े तेंदुए के बच्चे, अब कुछ इस तरह करते हैं मां को याद
इंदौर, 23 जुलाई: मध्यप्रदेश में इन दिनों लगातार झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है, जहां अब यह बारिश आमजन की मुसीबत बढ़ा रही है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त नजर आ रहा है, तो वहीं लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब पशु पक्षियों पर भी पड़ने लगा है। यही कारण रहा कि, प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पास स्थित धार के वन रेंज ताना गांव से तेंदुए के दो बच्चों को इंदौर स्थित चिड़ियाघर लाया गया है। बताया जा रहा है कि, तेज बारिश के चलते यह दोनों ही बच्चे अपनी मां से बिछड़ कर जंगल से गांव में आ गए थे, जहां इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर इन्हें रेस्क्यू किया गया।

चिड़ियाघर में जारी है दोनों का इलाज
ग्रामीणों को यह दोनों ही बच्चे खेत में मिले थे, जिसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी, जहां मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए के दोनों बच्चों का रेस्क्यू किया, जिसके बाद दोनों ही बच्चों को इंदौर के चिड़ियाघर लाया गया, जहां फिलहाल दोनों बच्चों का इलाज जारी है, तो वहीं चिड़ियाघर प्रबंधन दोनों बच्चों की अच्छे से देखभाल कर रहा है। इस दौरान दोनों ही बच्चों को ड्रॉपर से दूध पिलाया जा रहा है, तो वहीं समय-समय पर उनकी जांच भी की जा रही है। तेंदुए के इन दोनों ही बच्चों की उम्र 5 से 10 दिन की बताई जा रही है।

बच्चों को डिहाइड्रेशन की समस्या
चिड़ियाघर प्रबंधन की माने तो धार वन रेंज के ताना गांव से लाए गए इन दोनों ही तेंदुए के बच्चों को डिहाइड्रेशन की समस्या थी, जहां प्रारंभिक उपचार मिलने के बाद अब यह दोनों ही बच्चे स्वस्थ नजर आ रहे हैं। वहीं चिड़ियाघर प्रबंधन इनका पूरा ध्यान रख रहा है, जहां इन्हें समय-समय पर ड्रॉपर के जरिए दूध पिलाया जा रहा है, तो वहीं आवश्यकता पड़ने पर जांच भी कराई जा रही है।

प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने अब पशु-पक्षियों की मुश्किल भी बढ़ा दी है, जहां प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बाढ़ के चलते कहीं पशु पक्षियों की मौत की खबर सामने आ रही है, तो वहीं कहीं-कहीं पशु पक्षी अपने दल से भी बिछड़ गए हैं, जहां धार जिले के ताना गांव वन रेंज में भी इसी तरह का घटनाक्रम सामने आया, जहां तेंदुए के दो बच्चे अपनी मां से बिछड़कर गांव में आ गए।












Click it and Unblock the Notifications