तेंदुए की दहशत कायम, अब इंदौर के चोरल और धार में किया हमला!
इंदौर, 11 जून: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर और आसपास के इलाकों में इन दिनों तेंदुए की दहशत देखी जा रही है, जहां पिछले दिनों चोरल में बच्ची पर हमला करने के बाद तेंदुआ लगातार लोगों पर हमला करता नजर आ रहा है. तेंदुए के हमले से जुड़ी ऐसे ही खबर एक बार फिर चोरल से सामने आई, जहां तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया. इसी के साथ इंदौर के पास स्थित धार में भी तेंदुए के हमले की खबर मिली है, जहां तेंदुए ने एक परिवार पर हमला कर दिया. तेंदुए का हमला होते ही परिवार इधर-उधर भागा, जिसके चलते कई लोगों को हल्की फुल्की चोट भी आई है.

चोरल में सामने आई दूसरी घटना
चोरल के जंगलों में तेंदुए के हमले की यह दूसरी घटना निकलकर सामने आई है, जहां गाजिंदा वन क्षेत्र में तेंदुआ एक पोल्ट्री फॉर्म में घुस गया, इसके बाद सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए पहुंची. इस बीच तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया, युवक के हाथ पर तेंदुए के नाखून लगे हैं, युवक का इलाज जारी है.
तेंदुए का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उधर, तेंदुए के हमले का दूसरा मामला नालछा के हैदरी गांव से सामने आया, जहां तेंदुए ने एक परिवार पर हमला कर दिया, जिसके बाद परिवार ने तेंदुए को घर में कैद कर दिया. वहीं वन विभाग की टीम ने तेंदुए के रेस्क्यू के लिए प्रयास किया, जिसके बाद तेंदुआ झोपड़ी के एक हिस्से को तोड़कर कर भाग गया.
लगातार सामने आ रहे है तेंदुए के हमले
फॉरेस्ट एक्सपर्ट की माने तो लगातार बढ़ती गर्मी के कारण जंगलो में पानी और भोजन की कमी होने लगी है, जिसके चलते तेंदुए रिहायशी इलाकों में घुस रहे हैं, यही कारण है कि लगातार अलग-अलग ग्रामीण इलाकों से तेंदुए के हमले की खबर सामने आ रही है.












Click it and Unblock the Notifications