MP में हादसा, DJ पर डांस कर रहे कावड़ यात्रियों को लगा करंट
इंदौर, 8 अगस्त: मध्यप्रदेश में इन दिनों हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे, जहां प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के नजदीक महू में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डीजे की धुन पर डांस कर रहे युवकों को करंट लग गया। करंट लगने से एक कावड़ यात्री की मौत हो गई, तो वहीं 3 कावड़ यात्री गंभीर घायल हो गए। यह हादसा कावड़ यात्री का हाथ बिजली की लाइन से टच हो जाने के चलते हुआ, जिसके कारण अन्य युवक भी उसकी चपेट में आ गए। वहीं तुरंत गाड़ी को आगे बढ़ा कर कावड़ियों को नीचे उतारा गया, और घायल कावड़ियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कुछ इस तरह हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, कावड़ यात्री डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। कुछ कावड़ यात्री नीचे डांस कर रहे थे, तो वहीं कुछ कावड़ यात्री डीजे की गाड़ी पर डांस कर रहे थे। डीजे की गाड़ी पर डांस कर रहे कावड़ यात्रियों में से एक कावड़ यात्री का हाथ बिजली की लाइन में टच हो गया। इसके बाद कावड़ यात्री को बचाने में अन्य कावड़ यात्री भी करंट की चपेट में आ गए, जिसके चलते हादसा घटित हो गया। वहीं तुरंत डीजे की गाड़ी को आगे बढ़ा कर घायल कावड़ियों को उतारा गया, जहां सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चल रहा था डांस कॉम्पिटिशन
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, हादसा दोपहर लगभग 12 से 1 के बीच हुआ, जहां डीजे की दो गाड़ियां पास-पास खड़ी हुई थी। इस दौरान दोनों ही गाड़ियों पर खड़े युवक डांस कर रहे थे। वहीं अचानक करंट लगने से युवक गिरने लगे, जहां एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, तो वहीं अन्य युवक गंभीर घायल हो गया। गंभीर घायल युवकों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल रैफर किया गया है।

घटना के बाद मचा हड़कंप
यह हादसा सिमरोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत घटित हुआ, जहां डीजे की धुन पर डांस कर रहे कावड़ यात्रियों को करंट लग गया, जिससे एक कावड़ यात्री की मौत हो गई, तो वहीं तीन कावड़ यात्री गंभीर घायल हो गए। हादसा होते ही घटनास्थल पर हड़कंप मच गया, जहां कावड़ यात्रियों में अफरा तफरी की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान डीजे की गाड़ी लेकर चालक रवाना हो गए।












Click it and Unblock the Notifications