मार्कशीट नहीं मिलने से नाराज पूर्व छात्र ने प्रिंसिपल को पेट्रोल डालकर जलाया

मध्य प्रदेश में बीएम कॉलेज के पूर्व छात्र ने कथित तौर पर कॉलेज के प्रिंसिपल को आगे के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र को मार्कशीट मिलने में देरी हो रही थी, जिससे नाराज होकर उसने प्रिंसिपल को आग के हवाले कर दिया। यह घटना सोमवार की है जब आरोपी छात्र आशुतोष श्रीवास्तव ने 49 वर्षीय प्रिंसिपल पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। इसके बाद प्रिंसिपल खुद को बचाने के लिए कॉलेज की बिल्डिंग की ओर भागीं, जिसके बाद स्टाफ ने उन्हें फायर एक्सटिंग्विशर से बचाने की कोशिश की और बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रिंसिपल बुरी तरह से झुलस गईं, उनका 80 फीसदी शरीर जल गया है। घटना के बाद आरोपी को भी आग की लपटों ने पकड़ लिया, जिसके बाद वह वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी इस बात से नाराज था कि उसे मार्कशीट नहीं मिल पा रही थी। आरोपी ने पिछले साल अक्टूबर माह में प्रोफेसर पर चाकू से हमला किया था।
आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ धारा 307 के तहत केस दर्ज किया। इंदौर के एसपी ग्रामीण भगवंत सिंह बिरदे ने बताया कि पीड़ित प्रिंसिपल को 80 फीसदी बर्न इंजरी आई है। आशुतोष श्रीवास्तव पूर्व छात्र है, जिसने भीमा कॉलेज के प्रिंसिपल पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। जिसकी वजह से वह 80 फीसदी जल गई हैं, फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
एसपी ने बताया कि आरोपी छात्र ने खुद को मारने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। हमे पता चला है कि आरोपी 7वें सेमेस्टर में फेल हो गया। 8वें सेमेस्टर में वह परीक्षा में शामिल हुआ और पास हो गया, लेकिन इसके बाद भी उसे मार्कशीट नहीं मिली। घटना के बाद उसने आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications