MP : आई कार्ड दिखाने के साथ ही लगाया जा रहा तिलक, कुछ इस तरह मिल रही गरबे में एंट्री
उज्जैन, 1 अक्टूबर : प्रदेश भर में नवरात्रि महोत्सव को लेकर अलग ही उत्साह नजर आ रहा है, जहां कई स्थानों पर गरबा महोत्सव का आयोजन भी किया गया है। वहीं अबकी बार मध्यप्रदेश के गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित रखा गया है, जहां इसे लेकर गरबा पंडालों में अलग-अलग तरह की व्यवस्थाएं भी की गई हैं, जिसमें आई कार्ड चेक करने के साथ ही गरबा देखने और गरबे में हिस्सा लेने आ रहे लोगों के माथे पर तिलक भी लगाया जा रहा है। इतना ही नहीं इन गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं के प्रवेश वर्जित का पोस्टर भी लगाया गया है।

माथे पर लगाया जा रहा तिलक
मध्य प्रदेश में अबकी बार गरबा महोत्सव शुरू होने से पहले ही गरबा महोत्सव में गैर हिंदुओं के प्रवेश को वर्जित रखने और गरबा महोत्सव में परिचय पत्र दिखाने के बाद ही एंट्री देने को लेकर फैसला लिया गया था, जिसके बाद अब प्रदेश के लगभग सभी गरबा पंडालों में इस व्यवस्था को अपनाया जा रहा है। धार्मिक नगरी उज्जैन और प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के कई गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं के प्रवेश वर्जित को लेकर पोस्टर भी लगा दिए गए हैं। प्रदेश के गरबा पंडालों में अब तक आईडी कार्ड देखने के बाद गरबा देखने की परमिशन तो दी जा रही थी, लेकिन अब गरबा देखने और गरबा में हिस्सा लेने आने वाले लोगों को माथे पर तिलक लगाना भी अनिवार्य होगा।

कई जगह से सामने आई तस्वीरें
धार्मिक नगरी उज्जैन और प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से कई तस्वीरें निकलकर सामने आई हैं, जिसमें गरबा पंडालों में प्रवेश करने वाले लोगों के माथे पर तिलक लगाया जा रहा है, तो वहीं आईडी कार्ड भी चेक किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि, युवतियों के साथ छेड़छाड़ जैसे घटनाक्रम रोकने के लिए इस तरह के फैसले लिए गए हैं, साथ ही गरबा पंडालों में युवतियों की सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। इतना ही नहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है।

पहचान छिपाकर प्रवेश करने वालों की धरपकड़
गरबे में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित करने के पीछे सबसे बड़ा कारण लगातार बढ़ रही लव जिहाद की घटनाओं पर लगाम लगाना है। प्रदेश में इन दिनों लगातार लव जिहाद के मामले बढ़ते चले जा रहे हैं, जहां इसी को रोकने के लिए अबकी बार गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित किया गया है। इतना ही नहीं तमाम हिंदू संगठन गरबा पंडालों में इस बात का विशेष ध्यान रख रहे हैं कि, पहचान छिपाकर या किसी अन्य तरीके से गैर हिंदू गरबा पंडालों में प्रवेश न कर सके।












Click it and Unblock the Notifications