दिल्ली में सोनिया गांधी से ED की पूछताछ, MP में कांग्रेस ने जलाई बदले की आग
इंदौर, 22 जुलाई: राजधानी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ जारी है, तो वहीं मध्यप्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार विरोध-प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। इस बीच अब मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में कांग्रेसियों का अनोखा विरोध-प्रदर्शन देखने मिला, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी को ईडी का नोटिस मिलने का पुरजोर विरोध करते हुए, बदले की आग जलाई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अनोखे विरोध-प्रदर्शन का हिस्सा बनने पहुंचे थे। वहीं इससे पहले भी गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदौर में ही विरोध-प्रदर्शन करते हुए सोनिया मार्च निकाला था, जिसमें राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए थे।

कांग्रेस नेताओं में आक्रोश
शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी ने बताया की, केंद्रीय जांच एजेंसी भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रही है, ईडी, सीबीआई सभी भाजपा के इशारे पर बदला लेने के लिए काम कर रही है। बदले की आग के रूप में,जब कोई भी व्यक्ति भाजपा सरकार की नाकामियों को उजगार करता है, तब भाजपा और मोदी सरकार षडयंत्र करके जांच एजेंसी से फर्जी और झूठी कार्रवाई करके दबाव बनाने की कोशिश करती है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जनता की आवाज बन गई हैं। कई मुद्दों पर भाजपा और मोदी सरकार को सोनिया गांधी, राहुल गांधी के उठाये गये मुद्दों पर जवाब देना भारी पड़ता है। इसी कारण अपने बदले की आग का ईडी के माध्यम से नेशनल हेराल्ड केस में नोटिस दिया गया, जबकि विगत 8 साल से जांच में कुछ नहीं पाया गया।
लगातार जारी है विरोध-प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड केस में ईडी के समक्ष पेश हुई, जिसके विरोध में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गुरुवार को भी मध्यप्रदेश में युवा कांग्रेस ने सोनिया मार्च निकालते हुए विरोध दर्ज कराया था। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में निकाले गए इस मार्च में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और तमाम दिग्गज नेता शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications