इंदौर के पास चोरल में घूम रहा खूंखार तेंदुआ, रेस्क्यू की कोशिश में जुटा वन अमला!
इंदौर, 13 जून: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में इन दिनों खूंखार तेंदुए की दहशत है, जहां हाल ही में चोरल के गाजिंदा गांव में वन विभाग के अमले को उस तेंदुए की तलाश है, जिसने हमला कर एक बच्ची की जान ले ली, तो वहीं एक युवक को गंभीर घायल कर दिया. वन विभाग के अमले ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा भी लगाया था, साथ ही उस पिंजरे में जानवर को रखकर तेंदुए को आकर्षित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन वन विभाग की यह कोशिश नाकाम रही, और पिंजरा खाली रहा. इसके बाद वन विभाग का अमला इस बात की आशंका जता रहा है कि, तेंदुआ गांव छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया है, या फिर किसी दूसरी जगह पर चला गया है.

चोरल में सामने आई दूसरी घटना
चोरल के जंगलों में तेंदुए के हमले की यह दूसरी घटना निकलकर सामने आई है, जहां गाजिंदा वन क्षेत्र में तेंदुआ एक पोल्ट्री फॉर्म में घुस गया, इसके बाद सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए पहुंची. इस बीच तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया, युवक के हाथ पर तेंदुए के नाखून लगे हैं, युवक का इलाज जारी है.
ग्रामीणों में तेंदुए का खौफ
चोरल के आसपास ग्रामीणों में तेंदुए का खौफ देखने मिल रहा है, जहां तेंदुए के डर से ग्रामीण खेतों में जाने से बच रहे हैं. साथ ही बच्चों को भी घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है, कुल मिलाकर देखा जाए तो चोरल और आसपास के इलाकों में तेंदुए की दहशत है, जहां वन विभाग भी जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने में जुटा हुआ है.












Click it and Unblock the Notifications