Indore news: दिवाली पर मिठाई खाने वाले हो जाएं सावधान, गंदगी के बीच हो रहा निर्माण
इंदौर जिले में त्यौहारों के दौरान खाद्य सामग्रियों की गुणवत्तापूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये खाद्य सामग्री एवं मिठाई बनाने वाले प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. के निर्देशानुसार प्रारंभ हुआ है।
अपर कलेक्टर ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन इंदौर के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की दो टीमों का गठन किया है। यह टीमें इंदौर जिले में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण करेंगी। इन टीमों द्वारा गुरूवार को सघन जांच अभियान चलाकर खाद्य सामग्रियों के 43 नमूने लिये एवं लगभग 67 हजार रूपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई।

खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
संयुक्त दल द्वारा शहर में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। एक टीम गत दिवस राज नगर स्थित सोनपापड़ी निर्माण इकाई पर पहुंची। जहां मौके पर खाद्य पदार्थ सोनपापड़ी का निर्माण किया जाना पाया गया। मौके पर गंदगी के बीच में सोनपापड़ी का निर्माण किया जा रहा था। संग्रहीत सोनपापड़ी एवं सोनपापड़ी निर्माण में प्रयुक्त होने वाले खाद्य पदार्थ मैदा, बेसन एवं पाम तेल के कुल चार नमूने लिए गए। खाद्य पदार्थ सोनपापड़ी को रिपोर्ट प्राप्ति तक जप्त किया गया। जिसकी कुल कीमत 22 हजार रूपये है।
नमकीन जप्त किया गया
एक अन्य कार्रवाई में राजनगर स्थित नमकीन कारखाने का निरीक्षण किया गया। जहां पर विभिन्न प्रकार के नमकीन निर्माण किये जा रहे थे। मौके से नमकीन के कुल चार नमूने लिए गए तथा 5 हजार रूपये का नमकीन जप्त किया गया। टीम द्वारा धार रोड स्थित स्वीट एंड नमकीन से मिठाई के सात नमूने एवं नमकीन के पांच नमूने लिए गए। धार रोड स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान से मिठाई का एक एवं नमकीन का एक नमूना लिया गया।दूसरी टीम द्वारा सियागंज से घी के तीन नमूने एवं कूकिंग मीडियम का एक नमूना, घी के दो नमूने लिए गए।दलों द्वारा निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों में सुधार हेतु प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देशित किया गया। परिसर की साफ सफाई बनाए रखने, नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल करवाने, फूड हैंडलर की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिए गए।
ये भी पढ़े- हार का डर, इसलिए EVM पर आरोप लगा रहे...कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर साधा निशाना












Click it and Unblock the Notifications