इंदौर में फिर डराने लगा CORONA, महिला की मौत और बढ़ते मरीजों ने बढ़ाई टेंशन!
इंदौर, 10 जून: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण अपने पैर पसारने लगा है, जहां एक बार फिर लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ लोगों की टेंशन भी बढ़ा दी है, पिछले कुछ दिनों से सामने आ रहे संक्रमण के आंकड़ों में उछाल के बाद, अब निजी अस्पताल में कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत का मामला सामने आया है. इससे पहले भी 1 महीने के अंदर ही कोरोना संक्रमित महिला की मौत हुई थी. कुल मिलाकर देखा जाए तो 1 महीने में कोरोना संक्रमण से हुई 2 मौत, एक बार फिर लोगों को सावधान रहने के प्रति अलर्ट करती है.

लंबे वक्त से बीमार थी महिला
कोरोना संक्रमण के चलते जान गंवाने वाली बुजुर्ग महिला लंबे वक्त से बीमार थी. 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने कोरोना का वैक्सीन भी नहीं लगवाया था. महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद परिजन अस्पताल में उपचार करा रहे थे, लेकिन बुजुर्ग महिला की मौत हो गई.
लगातार बढ़ रहा संक्रमित मरीजों का आंकड़ा
शहर में पिछले कुछ दिनों से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता चला जा रहा है, जहां रोजाना सामने आने वाली कोरोना रिपोर्ट में बढ़ते इन आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ लोगों की टेंशन भी बढ़ा दी है, फिलहाल शहर में कोरोना के 80 से ज्यादा पॉजिटिव मरीज एक्टिव हैं, जिनका डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है.
लोगों को सावधानी रखने की जरूरत
शहर में लगातार बढ़ता कोरोना संक्रमण अब चिंता का विषय बनता चला जा रहा है, जहां संक्रमण से बचने के लिए अब लोगों को सावधानी रखने की आवश्यकता है. संक्रमण से बचने के लिए लोग मास्क का उपयोग कर सकते हैं, तो वहीं भीड़-भाड़ से बचने के साथ ही सेनीटाइजर का उपयोग भी समय-समय पर करते रहें.












Click it and Unblock the Notifications