Indore: पटाखे पर छत्रपति शिवाजी का फोटो, मराठा समाज ने हटवाया, पुलिस से की शिकायत
Indore News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पटाखा खरीदने पहुंचे एक युवक ने पटाखों पर छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर देखी, तुरंत युवक ने इसकी सूचना हिंदू संगठन और मराठा समाज के लोगों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे तमाम हिंदूवादी संगठन के लोगों ने पटाखों पर से शिवाजी महाराज की फोटो हटाई।
घटनाक्रम की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन के साथ-साथ मराठा समाज के लोग पहुंचे थे, जहां सभी ने दुकानदारों से पटाखों पर से शिवाजी महाराज की फोटो हटाने की अपील की, दुकानदारों ने भी इस अपील को मानते हुए तुरंत पटाखों पर से शिवाजी महाराज की फोटो हटा दी।

इधर, इस घटनाक्रम के बाद हिंदूवादी संगठन और मराठा समाज के लोग राजेंद्र नगर थाने पर पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए इस तरह का कृत्य करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। इतना ही नहीं एक लीगल नोटिस मराठा समाज के लोगों ने पटाखा बनाने वाली कंपनी को भेजने की तैयारी भी कर ली है। समाज से जुड़े लोगों ने आगे भी इस तरह का कृत्य करने वालों के खिलाफ एक्शन लेने का अल्टीमेटम दिया है।
शिवाजी महाराज का अपमान नहीं सहेंगे
समाजजनों ने बताया कि, संस्था शिवराय (क्षत्रिय मराठा समाज) के सदस्य द्वारा एक विषय संज्ञान मे लाया गया था, जिसके अनुसार राऊ स्तिथ पटाखा मार्केट की कुछ दुकानों बिक रहे पटाखों पर छत्रपति शिवाजी महाराज की छवि लगी थी, जो की हमारे आराध्य का अपमान है। इस विषय पर तुरंत ही क्षत्रिय मराठा समाज के समाज बंधु एकत्रित हुए और दुकान पर जाकर विरोध-प्रदर्शन कर आपत्ति दर्ज कराई। समाजजनों ने बताया कि, सम्पूर्ण मार्केट में घूम कर सभी दुकानदारों को इस प्रकार के पटाखे ना रखने की समझाइश दी, एवं पुलिस थाना राजेंद्र नगर को भी उचित कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं हिन्दू संघठन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ये भी पढ़े- Indore में 2 दिन दिवाली, 31 अक्टूबर या 1 नवंबर, कहां-कब होगा लक्ष्मी पूजन, जानिए












Click it and Unblock the Notifications