MP के इस जिले की चारों जनपद पर BJP का कब्जा, आखिर बना ही लिया अपना अध्यक्ष
इंदौर, 28 जुलाई: जिले की चारों जनपद पंचायत में अपने अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। इसी के साथ अब जिले की इंदौर, महू, सांवेर और देपालपुर जनपद कांग्रेस मुक्त हो गई है। वहीं इन चारों जनपदों पर जीत हासिल करने के बाद बीजेपी के खेमे में उत्साह नजर आ रहा है। जिले में बीजेपी अपना विजय रथ तेजी से आगे बढ़ाती चली जा रही है, जहां बुधवार को बीजेपी ने इतिहास कायम करते हुए इंदौर और महू जनपद पर कब्जा जमाया था, तो वहीं गुरूवार को बीजेपी ने सांवेर और देपालपुर में भी अपना जनपद अध्यक्ष बनवाने में सफलता हासिल की है। वहीं इसके बाद अब इंदौर जिले की चारों ही जनपद पंचायतों में बीजेपी का परचम लहरा रहा है।

चारों जनपद पर बीजेपी का कब्जा
इंदौर जनपद में विश्वजीतसिंह सिसोदिया (कान्हा) जनपद अध्यक्ष चुने गए हैं, जहां 25 सदस्यों वाली इस जनपद में कांग्रेस के पास 13 सदस्य थे, और भाजपा अल्प मत में थी, लेकिन बावजूद इसके कान्हा को 14 वोट मिले और मतदान के बाद सामने आए परिणाम से कांग्रेस को करारा झटका लगा। महू जनपद के नतीजों पर एक नजर डालें तो महू में भी भाजपा ने कब्जा जमाया है, जहां सरदार मालवीय ने दर्ज की जीत की है, यहां 15 वोट भाजपा को मिले, जबकि कांग्रेस के खाते में 10 वोट आए हैं। उधर, 17 साल बाद देपालपुर में बीजेपी ने जीत हासिल की है, जहां बीजेपी को निर्दलीय सहित 19 वोट मिलने से सुशीला गुमान सिंह पंवार विजय हुई। सांवेर में बीजेपी समर्थित रामकन्या चौहान निर्विरोध चुनाव जीती हैं।
इंदौर जनपद में बनाया जीत का इतिहास
इंदौर जनपद पर एक नजर डालें तो यहां सालों बाद बीजेपी ने कब्जा जमाते हुए अपना अध्यक्ष बनाने में सफलता हासिल की है, तो वहीं महू, सांवेर और देपालपुर में भी बीजेपी का जनपद अध्यक्ष निर्वाचित हुआ है। इसके साथ ही बीजेपी अपने उस संकल्प को भी साकार करती नजर आ रही है, जिसमें तमाम बीजेपी नेता कांग्रेस मुक्त जनपद की बात कहते नजर आ रहे थे।
BJP की जीत में इनकी रही खास भूमिका
बीजेपी की इस महाविजय में मंत्री तुलसी सिलावट, मंत्री उषा ठाकुर, जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, अजा वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर और वरिष्ठ बीजेपी नेता मधु वर्मा की अहम भूमिका रही है। देखा जाए तो इंदौर जिले की चारों जनपद पंचायत में अपने अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने नया रिकॉर्ड कायम किया है, जहां इसी के साथ अब इंदौर जिले की इंदौर, महू, सांवेर और देपालपुर जनपद कांग्रेस मुक्त हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications