जानिए कौन हैं पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर से BJP ने बनाया है महापौर प्रत्याशी
इंदौर, 14 जून: लंबे मंथन के बाद आखिरकार बीजेपी ने इंदौर से महापौर प्रत्याशी तय कर लिया है, अबकी बार बीजेपी ने नगर निगम चुनाव के लिए बतौर महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव को मैदान में उतारा है. पेशे से वकील पुष्यमित्र भार्गव, छात्र राजनीति के दौरान एबीवीपी से जुड़े रहे. साथ ही भार्गव संघ की पसंद भी माने जाते हैं. इसी के साथ भार्गव मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. बीजेपी की ओर से जारी महापौर प्रत्याशी बनने के दावेदारों की रेस में पुष्यमित्र भार्गव का भी नाम शामिल था, जहां लगातार हुए मंथन के बाद संगठन ने पुष्यमित्र भार्गव के नाम पर मुहर लगा दी है.

अब तक के सबसे युवा चेहरे हैं पुष्यमित्र भार्गव
पुष्यमित्र भार्गव युवाओं के बीच भी काफी लोकप्रिय हैं, साथ ही अलग-अलग संस्थाओं के माध्यम से वे समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहते हैं. देर रात जैसे ही महापौर प्रत्याशी के तौर पर पुष्यमित्र भार्गव के नाम का ऐलान हुआ, वैसे ही उनके घर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई, जहां समर्थकों ने ढोल नगाड़ों की थाप पर जमकर जश्न मनाया.
ऐसा रहा अब तक का सफर
पुष्यमित्र भार्गव ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ लॉ इंदौर से M.Phil (Law), देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ लॉ इंदौर से LL.M in Business Law, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ लॉ इंदौर से Bachelor of Laws B.A.LL.B (Hons.), गवर्नमेंट लॉ कॉलेज मुंबई (एशियन स्कूल ऑफ साइबर लॉ) से Diploma in Cyber Law, इलाहाबाद विश्वविद्यालय से Certificate Course in Journalism and Mass Communication किया है.
कार्यानुभव
पुष्यमित्र भार्गव 2020 से मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, इंदौर खण्डपीठ में सबसे युवा अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर कार्यरत हैं, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, इंदौर खण्डपीठ में वर्ष 2015-2018 तक सबसे युवा उप-महाधिवक्ता के पद पर दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वाहन किया. वर्ष 2003 से 2004 तक मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के इंदौर खण्डपीठ में वरिष्ठ अधिवक्ता पीयूष माथुर (पूर्व न्यायाधीश, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय) के साथ प्रशिक्षु अधिवक्ता के रूप में कार्य किया. मध्यप्रदेश और उत्तर पूर्व के अनेक सुदूरवर्ती गांवों में कानूनी साक्षरता शिविरों का कुशलतापूर्वक नेतृत्व किया.
अन्य उपलब्धियां
पुष्यमित्र भार्गव बाल्यवस्था से राष्ट्रसेवा और राष्ट्रप्रेम की विचारधारा के कारण विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े, विश्वविद्यालय अध्ययनशाला के अध्यक्ष पद पर रहते हुए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री के रूप में गोवाहाटी में 2005 से 2007 तक कार्य किया. ABVP के इंदौर संयोजक और मध्यभारत प्रान्त SFD प्रमुख के रूप में इंदौर विश्वविद्यालय में ABVP की नींव मजबूत करने हेतु शैक्षणिक संस्थाओं में छात्र-छात्राओं को ABVP से जोड़ने की कठिन चुनौती को पूर्ण किया.भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य किया. भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के साथ "राष्ट्रीय एकता यात्रा" में वाहिनी संयोजक के रूप में लाखों युवाओं का सफल नेतृत्व किया.












Click it and Unblock the Notifications