MP : सरकारी जमीन से प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण, 60 करोड़ की जमीन हुई मुक्त
खरगोन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में वर्षाे से शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण का अनुमानित मूल्य करीब 60 करोड़ रुपये है।

प्रदेश में खरगोन शहर के भीतर बेशकीमती शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में वर्षाे से शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण की अनुमानित बाजार मूल्य करीब 60 करोड़ रुपये हैं। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में बुधवार को तीन विभागों की संयुक्त कार्यवाही में कुल 11 एकड़ 76 डेसीमल भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। कलेक्टर कुमार ने कहा कि, यह भूमि शासकीय रिकार्ड में प्रबंधक कलेक्टर के नाम से दर्ज है। इस पर बिना किसी अधिकार के कब्जा किया हुआ था। अतिक्रमण हटाकर शासकीय स्वामित्व में लिया जाएगा। एसडीएम ओमनारायण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि खसरा नम्बर 102 व 104 पटवारी हल्का 5 की कुल 11.एकड़ 76 डेसीमल भूमि के स्वामी प्रबंधक कलेक्टर है। मांगरूल रोड़ स्थित भूमि पर मॉ बाघेश्वरी कृषि फार्म बनाकर योगेश ठक्कर द्वारा अतिक्रमण किया गया था।
5 साल पहले हुई है एफआईआर दर्ज
कार्रवाई के दौरान एसडीओपी राकेश शुक्ला ने बताया कि, अतिक्रमण कर्ता पर वर्ष 2017 में मेनगांव थाने में कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले को लेकर एसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि, अतिक्रमणकर्ता पर 2017 में एट्रोसिटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज है। अब तक उस मामले में क्या कार्यवाही हुई है। इसकी जानकारी लेकर आगे वैधानिक कार्यवाही करने की जरूरत होगी तो की जाएगी। अतिक्रमणकर्ता द्वारा कार्यवाही के दौरान उक्त मामले में न्यायालय द्वारा बरी होने का उल्लेख किया गया है। अतिक्रमण स्थल पर कृषि फॉर्म बनाकर योगेश ठक्कर द्वारा भूमि का उपयोग करना पाया गया। फार्म पर अतिक्रमण कर 2.0 बाय 40 फीट क्षेत्र में रखे गए सूखे चारे, 30 बाय 40 फीट में बने भवन और 25 बाय 60 फीट में स्थापित टीन शेड का तोड़ा गया। इसके अलावा अन्य क्षेत्र में कृषि भूमि करते पाया गया। मौके पर कलेक्टर कुमार, एसडीएम सिंह और नगर पालिका सीएमओ प्रियंका पटेल को पूरी भूमि खाली करा कर भूमि को शासकीय अधिपत्य में लेने के निर्देश दिए हैं।
लगातार जारी है कार्रवाई
मध्यप्रदेश में इन दिनों लगातार सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है, जहां इससे पहले भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्रशासन की ओर से सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वाले लोगों के अतिक्रमण ध्वस्त किए गए हैं, तो वहीं अब एक बार फिर खरगोन में सरकारी जमीन से पुलिस प्रशासन ने अतिक्रमण ध्वस्त किया है। वहीं करोड़ों की जमीन को अतिक्रमण मुक्त भी कराया है।
ये भी पढ़े- Ujjain : नए साल पर लाखों श्रद्धालु करेंगे Mahakal दर्शन, जानिए कैसी रहेगी व्यवस्था












Click it and Unblock the Notifications