इंदौर के पत्थरबाज निकले पॉजिटिव, सतना जेल में किए शिफ्ट, विधायक ने जताया विरोध
सतना। इंदौर के पत्थरबाज कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। दोनों को इंदौर से सतना जेल में शिफ्ट किया गया है। इन पर इंदौर के टाट पट्टी बाखल इलाके में पिछले दिनों डॉक्टरों की टीम पर हमला करने का आरोप है। दोनों रासुका के मामले में गिरफ्तार हैं। वहीं, विधायक नारायण त्रिपाठी ने कैदियों को सतना शिफ्ट किए जाने का विरोध जताया है।

दूसरी जांच रिपोर्ट में निकले पॉजिटिव
सतना सीएमएचओ डॉ. एके अवधिया की मानें तो शनिवार को आईसीएमआर ने पहली जांच में आरोपितों में कोरोना के लक्षण होने की प्रारंभिक स्थिति से जिला प्रशासन को अवगत कराया था और दोनों को क्वारंटाइन रखने को कहा था। अब आईसीएमआर जबलपुर में दोबारा हुई जांच में भी ये दोनों आरोपित कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।

10 जेल प्रहरियों को क्वांरनटाइन किया
सतना जेल अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों मरीजों को इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। 10 जेल प्रहरियों को क्वांरनटाइन किया गया है। जेल में बंद अन्य कैदियों में संक्रमण नहीं फैले। इस बात का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भेजा
वहीं, सतना कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अजय कटेसरिया ने बताया कि जिलेवासियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। संदिग्ध होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से इन्हें शुरू से ही अलग रखा गया था। संक्रमण से बचाव के लिए इन्हें जिला अस्पताल भी नही लाया गया। दोनों बंदियों को मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए भेजा गया है।

यहां की जेल में शिफ्ट नहीं करना चाहिए था-विधायक
इधर, विधायक नारायण त्रिपाठी का कहना है कि इंदौर से जबलपुर, सतना और पन्ना की जेल में कैदियों को शिफ्ट किया गया है, जो गलत है। शिफ्ट किए गए कैदी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। ऐसे में अब इंदौर की तर्ज इन जिलों में भी कोरोना वायरस फैलने का खतरा बढ़ गया है। यह एक तरह से लॉकडाउन का उल्लंखन भी है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications