खरगोन में धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात, हिंसा पीड़ितों को सरकार ने दी बड़ी राहत
खरगोन,18 अप्रैल: खरगोन में अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होते चले जा रहे हैं, इस बीच मंगलवार को कर्फ्यू के दौरान 4 घंटे की ढील दी गई. सुबह 8 बजे से 12 बजे तक दी गई ढील में लोगों ने अपनी-अपनी जरूरतों का सामान खरीदा. ढील के दौरान मेडिकल, दूध, फल-सब्जी, किराना समेत सभी आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रही. वहीं गाड़ियों पर लगी पाबंदी पहले की तरह जारी रही. ढील के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर बनी रही, जहां बड़ी संख्या में पुलिस बल शहर में तैनात किया गया है.

हिंसा पीड़ितों को सरकार ने दी राहत
दंगा पीड़ित लोगों को सरकार ने बड़ी राहत दी है. सरकार ने दंगा प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से 1 करोड़ रुपए स्वीकृत कर आवंटन के आदेश जारी किए हैं. आदेश के मुताबिक इस राशि से जहां मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी, तो वहीं दंगे में जिन लोगों के मकान तहस-नहस हुए हैं, उन्हें भी इस राशि से मदद की जाएगी. उधर जिला प्रशासन लगातार दंगा पीड़ितों की जानकारी इकट्ठा कर रहा है, जिससे दंगा पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी जा सके. आर्थिक सहायता के लिए दी जाने वाली राशि सीधे पीड़ितों के अकाउंट में भेजी जा सके इसकी तैयारी भी की जा रही है.
घायल शिवम की हालत में धीरे-धीरे हो रहा सुधार
खरगोन हिंसा में गंभीर घायल हुए शिवम की हालत में भी अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, जहां शिवम को होश आ चुका है, तो वहीं शिवम कुछ-कुछ बातों पर रिस्पांस भी कर रहा है. उधर, बीजेपी और कांग्रेस के तमाम नेता अस्पताल में शिवम का हाल जानने पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शिवम के पिता से सीएम शिवराज सिंह चौहान ने फोन पर बात की है, सीएम शिवराज ने शिवम के पिता को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है.












Click it and Unblock the Notifications