विशेष दर्जे की मांग को लेकर संसद भवन की छत पर चढ़ा सांसद, लहराया पोस्टर
नई दिल्ली। आन्ध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर गुरुवार को संसद भवन में अलग ही नजारा देखने को मिला है। वायएसआर कांग्रेस के सांसद विजय साई रेड्डी ने संसद के पहले माले पर खड़े होकर आन्ध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की। विजय साई रेड्डी पहले माले पर खड़े हो गए, उनके हाथ में तख्ती थी, जिस पर आन्ध्र प्रदेश को स्पेशल स्टेटस दिए जाने की मांग की गई थी। आन्ध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर सूबे में प्रभाव रखने वाली कई पार्टियों के सांसद लगातार संसद में प्रदर्शन कर रहे हैं।

टीडीपी भी लगातार कर रही है प्रदर्शन
आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने को लेकर सूबे की सत्ताधारी तेलगू देशम पार्टी भी लगातार मांग कर रही है। इसको लेकर उसके और भाजपा के बीच बीते कुछ समय में टकराव भी देखने को मिला है। हालांकि इस मांग के बीच केंद्र ने राज्य को विशेष सहायता के तौर पर 12,476 करोड़ रूपए देने की घोषणा की है। इसे आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी तेलगू देशम पार्टी (टीडीपी) को एनडीए में बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

टीडीपी के मंत्री दे चुके इस्तीफा
टीडीपी केंद्र सरकार में भाजपा का सहयोगी है। आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर टीडीपी ने केंद्र सरकार में शामिल अपने दोनों मंत्रियों अशोक गजपति राजू और वाई एस चौधरी को हटा लिया था. इस दौरान टीडीपी के एनडीए गठबंधन से अगल होने की खबर भी आई थी। इसके बाद पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की थी।

पीएम ने दिया था आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का आश्वासन
टीडीपी का कहना है कि राज्यसभा में पीएम ने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का आश्वासन दिया था। उन्होंने भाजपा के साथ गठबंधन इसलिए किया गया था ताकि आंध्र प्रदेश के साथ न्याय हो सके, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी टीडीपी की मांग को सही कहते हुए आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग का समर्थन कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications