जगन रेड्डी पर हमले के पीछे मोदी सरकार का हाथ: चंद्रबाबू नायडू
अमरावती। वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख वाई एस जगनमोहन रेड्डी बृहस्पतिवार को उस वक्त जख्मी हो गए जब स्थानीय हवाई अड्डे पर एक शख्स ने धारदार चीज से उन पर हमला किया। आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने इस हमले के पीछे मोदी सरकार को जिम्मेदार बताया है। वहीं उन्होंने रेड्डी पर निशाना साधते हुए कहा कि, रेड्डी को हैदराबाद निकलने से पहले प्राथमिक उपचार लेना चाहिए था। यह गैर जिम्मेदारी से व्यवहार है।

जगन मोहन पर हुए हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम नायडू ने कहा कि, रेड्डी को पुलिस से शिकायत करनी चाहिए थी। उन्हें सरकारी अस्पताल में इलाज करना चाहिए था। उन्होंने मोदी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस नाटक के पीछे मोदी सरकार जिम्मेदार है। मोदी सरकार ओछी राजनीति कर रही है। इतना ही नहीं उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारी सरकार को धमकी देने की कोशिश की जा रही है, कानून अपना काम करेंगे।
वहीं नायडू ने जगन के समर्थकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, यह हमला केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में हुआ था और वाईएसआर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना दिया। इंडिया टुडे में छपी खबर के मुताबकि, हमले का जिक्र करते हुए तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नायडू ने स्पष्ट किया कि आरोपी के सभी परिवार के सदस्य वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के पक्षकार हैं और आरोपी ने खुद को अपने पत्र में यह खुलासा किया कि वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने सहानुभूति हासिल करने के लिए हमले का सहारा लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी नेता जगनमोहन रेड्डी को हमले के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचित करना चाहिए था। सीआईएसएफ ने घटना के चार घंटे बाद स्थानीय पुलिस से शिकायत की और वह हमले के लिए इस्तेमाल चाकू को सौंपने में नाकाम रहे। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली बीजेपी सरकार राज्य में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रही है।
नायडू ने आरोप लगाते हुए कहा कि, यह केंद्र सरकार और तेलंगाना सरकार दोनों का नाटक है। जगनमोहन रेड्डी और पवन कल्याण केंद्र सरकार के खिलाफ बात नहीं करेंगे और केसीआर भी उनका समर्थन कर रहे है। केसीआर, केटीआर और कविता, हाल ही आए चक्रवात पर कुछ नहीं बोले लेकिन, जगन पर हमले के तुरंत बाद प्रतिक्रिया व्यक्त करने आ गए। टीडीपी प्रमुख ने कहा कि केंद्र और विपक्षी दल दोनों लोग राज्य में लोगों को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications