यूपी पुलिस को मिली नई ताकत: 936 हेड ऑपरेटरों को आज नियुक्ति पत्र सौंपेंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को यूपी पुलिस टेलीकम्युनिकेशन विभाग के लिए चुने गए 936 हेड ऑपरेटरों और हेड ऑपरेटरों (मैकेनिकल) को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा।

इस खास मौके पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पूरी की है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 60,000 से ज्यादा सिविल पुलिस कांस्टेबलों की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए थे। भर्ती अभियान को आगे बढ़ाते हुए अब राज्य सरकार पुलिस टेलीकम्युनिकेशन विंग में 936 नए कर्मियों को शामिल करने जा रही है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित भी करेंगे। उम्मीद है कि वे सभी को पूरी ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित करेंगे। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।












Click it and Unblock the Notifications