भगवान राम की 100 मीटर ऊंची प्रतिमा के बाद अब सीएम योगी बसाएंगे 'नई अयोध्या', जानिए इसकी खूबियां
नई दिल्ली। अयोध्या को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार नए प्लान बना रही है। सरकार ने पहले 100 मीटर ऊंची भगवान राम की प्रतिमा अयोध्या में लगाने को मंजूरी दी। अब यूपी सरकार ने 'नई अयोध्या' टाउनशिप बसाने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार के प्लान के मुताबिक 'नई अयोध्या' टाउनशिप 500 एकड़ में फैला होगा और इसे बसाने में करीब 3.5 अरब रुपये का खर्च आएगा। हालांकि इस प्रस्ताव को सरकार की ओर से अनौपचारिक तौर पर पहले ही आगे बढ़ाया जा चुका है, लेकिन अयोध्या फैजाबाद विकास प्राधिकरण बोर्ड की ओर से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नोडल एजेंसी की ओर से मंजूरी के बाद सरकार के पास औपचारिक तौर पर भेजा जाएगा।

सरयू नदी के दाईं तरफ बसाई जाएगी 'नई अयोध्या'
यूपी सरकार के खास 'नई अयोध्या' टाउनशिप प्लान को देखें तो जानकारी के मुताबिक इसे सरयू नदी के दाईं तरफ 500 एकड़ के दायरे में बसाया जाएगा। इस टाउनशिप को कई फेज पूरा किया जाएगा। पहले चरण में टाउनशिप का निर्माण 100 एकड़ के दायरे में होगा। इस फेज में करीब 1.10 अरब का खर्च आएगा। इस खर्च में जमीन की 70 करोड़ रुपये की कीमत भी शामिल है। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद पहले चरण का काम 12 से 18 महीने में पूरे होने की बात कही जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना को आगे बढ़ाने के लिए अथॉरिटी लोन लेने की भी योजना बना रही है।

500 एकड़ में 3.5 अरब में बनेगी टाउनशिप
जानकारी के मुताबिक 'नई अयोध्या' टाउनशिप को लेकर हाल ही में एक बैठक हुई, जिसमें इस प्रस्ताव को प्रारंभिक स्वीकृति प्रदान की गई, इस बैठक में कमिश्नर और जिलाधिकारी ने हिस्सा लिया। अब इस प्रस्ताव को प्राधिकरण की ओर से बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। 13 अप्रैल को होने वाली बोर्ड की बैठक में इस पर फैसला लिए जाने के बाद इस प्रस्ताव को राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा।

'नई अयोध्या' टाउनशिप प्रोजेक्ट के कई फेज होंगे
जानकारी के मुताबिक 'नई अयोध्या' टाउनशिप प्रोजेक्ट को लेकर जो प्रस्ताव तैयार किया गया है, उसके मुताबिक ये पूरा प्रोजेक्ट लखनऊ-गोरखपुर हाइवे के पास माझा बरहटा और जयसिंह मऊ गांवों के विकसित किया जाएगा। इस टाउनशिप में रिहायशी क्षेत्र के अलावा मंदिर, पब्लिक प्लेस, लग्जरी होटल, शॉपिंग आर्केड के अलावा पीने के पानी और सीवेज की विश्व स्तरीय सुविधा मुहैया कराई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications