योगी आदित्यनाथ पर केमिकल अटैक का खतरा, सुरक्षा बढ़ाई गई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ दौरे के दौरान कुछ आतंकी संगठन उन पर केमिकल या मेडिसन अटैक करने की फिराक में है। योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाना बनाया जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियों से हमले के खतरे के इनपुट मिलने के बाद आदित्यनाथ की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

एसपी सीएम सिक्योरिटी ने भेजा रेडियोग्राम
सुरक्षा एजेंसियों से इनपुट मिलने के बाद मेरठ में उनके दौरे से पहले सुरक्षा के इंतजामों को लेकर खास चौकसी बरती जा रही है। एसपी सीएम सिक्योरिटी ने इस संबंध में मेरठ के पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को रेडियोग्राम भेजा है और सीएम पर हमले के खतरे को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बरतने को कहा है।

जैश ने जारी किया टेप
सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट के मुताबिक, एक आतंकी समूह के कुछ युवक कश्मीर से इस हमले को अंजाम देने के लिए भेजे जा सकते हैं। जो किसी जनसभा में केमिकल या मेडिसिन अटैक की कोशिश कर सकते हैं। बताया गया है कि जैश-ए-मोहम्मद के मसूद अजहर ने एक टेप जारी कर अपने लड़कों को योगी और मोदी को निशाने बनाने के लिए कहा है।

पहले भी जारी किया था अलर्ट
पिछले हफ्ते भी खुफिया एजेंसियों ने योगी आदित्यनाथ पर हमले को लेकर अलर्ट जारी किया था। पिछले हफ्ते मध्यप्रदेश पुलिस के खुफिया विभाग ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस को अलर्ट जारी करते हुए जानकारी दी थी कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आतंकी हमला हो सकता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा बढ़ाई जाए।












Click it and Unblock the Notifications