क्रिश्चियन मिशेल को योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी का शकुनि मामा बताया
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ योगी आदित्यनाथ ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने ऑगस्ता वेस्टलैंड मामले में बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल को शकुनी मामा बताया है और उसे राहुल गांधी का मास्टमाइंड मामा करार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश में कुछ संकट होता है तो राहुल गांधी इटली जाते हैं। वहीं कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को आदित्यनाथ ने शहजादी बताते हुए कहा कि मैं दोनों भाई-बहनों को सुझाव देना चाहता हूं कि वह इटली चले जाएं और वहां वोट मांगे।

आदित्यनाथ ने कहा कि देश में जब भी कोई संकट होता है तो राहुल गांधी इटली चले जाते हैं। अगर कांग्रेस की शहजादी और राहुल को देश के लोगों से कोई वास्ता नहीं है तो इन लोगों को बेहतर है कि इटली चले जाना चाहिए, जहां पर ये लोग वोट मांग सके। मंगलवार को योगी आदित्यनाथ एक के बाद एक पांच रैलियों को संबोधित किया और लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की। बता दें कि लोकसभा चुनाव के छह चरण के मतदान हो चुके हैं और अब सिर्फ सातवे चरण का मतदान बाकी है जोकि 19 मई को होगा। चुनाव के नतीजे 23 मई को घोषित किए जाएंगे।
लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर खबर के लिए यहां क्लिक करें
इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने प्रियंका गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था कि कांग्रेस की शहजादी कहती हैं कि कांग्रेस को हम इसलिए चुनाव लड़ा रहे हैं जिससे वो भाजपा का वोट काट सकें। यानि कांग्रेस का ये दुर्भाग्य है कि कांग्रेस जैसी पार्टी अब वोट कटवा पार्टी बन गई है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निर्दोष लोगों की धुनाई नहीं करनी चाहिए, लेकिन लोकतंत्र को कलंकित करने वाले उन लोगों को जो वोट कटवा के रूप में आ रहे हैं, भरमा रहे हैं, अपने वोट की कीमत पर उनकी धुनाई जरूर करनी चाहिए।
वहीं योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता राज बब्बर ने कहा था कि उनके शब्द ध्यान देने योग्य नहीं है।योगी जी पवित्र चोला तो जरूर पहनते हैं, लेकिन उनकी भाषा उस योग्य नहीं जिस कारण उनकी भाषा व चोला मैच नहीं खाता। राज बब्बर ने कहा कि भाजपा अज्ञानता से भरी हुई पार्टी है, जिनके पास कोई शब्द नहीं।












Click it and Unblock the Notifications