तापमान बढ़ने से अहमदाबाद में येलो अलर्ट, मुंबई में भी रिकॉर्ड गर्मी
देशभर के शहरों में पिछले एक हफ्ते में पारा बहुत तेजी से बढ़ा है। मौसम विभाग ने अहमदाबाद में पारा बढ़ने के बाद येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
नई दिल्ली। अभी मार्च का महीना ही चल रहा है लेकिन देशभर मे भंयकर गर्मी ने ना सिर्फ आम जव-जीवन को प्रभावित किया है बल्कि मौसम विभाग इसको लेकर सतर्क हो गया है। देशभर के शहरों में पिछले एक हफ्ते में पारा बहुत तेजी से बढ़ा है। गुजरात के कई शहरों में गर्मी ने आम जन-जीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने अहमदाबाद में पारा बढ़ने के बाद येलो अलर्ट जारी किया है।

अहमदाबाद में येलो अलर्ट
गुजरात के अहमदाबाद में भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने सोमवार को येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान को देखते हुए अहमदाबाद नगर निगम ने येलो अलर्ट की घोषणा कर दी है और हीट ऐक्शन प्लान पर काम शुरू कर दिया है। येलो अलर्ट का मतलब किसी भी खतरे की शुरुआती चेतावनी से है। गुजरात के दूसरे शहर भी तेज गर्मी से जल रहे हैं। दीसा में भी सोमवार को लोग गर्मी से बेहाल रहे।
मुंबई में गर्मी ने किया बेहाल
मुंबई में भी सोमवार को गर्मी ने लोगों को बेहाल किया। शहर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री तक जा पहुंचा। जबकि आर्द्रता 65 प्रतिशत रही। दिनभर लोग गर्मी से बेहाल दिखे। मुंबई में पारा जिस तरह से लगातार बढ़ा है, वो एक रिकॉर्ड है। बढ़ते पारे ने मौसम विभाग की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
राजधानी दिल्ली में भी सोमवार को पारा सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तामपान 36.7 डिग्री रहा। पिछले एक हफ्ते में दिल्ली का तापमान 8 डिग्री तक बढ़ गया है। इससे आम लोग त्रस्त दिख रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों से गर्मी से बचने और पानी लगातार पीते रहने की सलाह दी है।, साथ ही बाहर के खाने से परहेज करने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications