Xiaomi के ED पर गंभीर आरोप, कहा- पूछताछ के दौरान अधिकारियों को दी धमकी, एजेंसी ने दिया जवाब
नई दिल्ली, 07 मई: केंद्रीय जांच एजेंसी एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट ( Enforcement Directorate) पर चीनी स्मार्टफोन मैन्युफैक्चिरिंग कंपनी शाओमी (Xiaomi) ने आरोप लगाए हैं कि पिछले दिनों विदेशी मुद्रा उल्लंघन के संबंध में पूछताछ के दौरान उनके वरिष्ठ अधिकारियों को धमकाने के साथ जबरदस्ती और शारीरिक हिंसा की धमकी का सामना करना पड़ा। चीनी मोबाइल कंपनी के अधिकारियों ने 4 मई को इस मामले में कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं अब शाओमी के आरोपों को ईडी ने सिरे से खारिज कर दिया।

दरअसल, चीनी स्मार्टफोन कंपनी शाओमी के भारत में लेनदेन को लेकर ईडी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (fema) 1999 के तहत जांच कर रही है। जिसको लेकर चीनी कंपनी ने ईडी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिओमी इंडिया ने एक बयान में आरोप लगाते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान ईडी के अधिकारियों ने कंपनी के इंडियन ऑपरेशन के पूर्व एमडी मनु कुमार जैन और मौजूदा चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर समीर बीएस राव और उनके परिवारों को 'गंभीर परिणाम भुगतने' की धमकी दी। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने कंपनी के इस बयान के हवाले से रिपोर्ट छापी है।
चीनी कंपनी के इन आरोपों पर अब ईडी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। Xiaomi के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए ED ने कहा, "ED द्वारा जबरन Xiaomi India के अधिकारियों के बयान को लेने का आरोप असत्य और निराधार है। Xiaomi India के अधिकारियों ने विभिन्न अवसरों पर सबसे अनुकूल माहौल में स्वेच्छा से FEMA के तहत ED के समक्ष अपने बयान दिए। जांच के दौरान कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों/सूचनाओं के आधार पर उनके द्वारा बयान दिए गए। उनके बयान ईडी को सौंपे गए लिखित जवाब और रिकॉर्ड से मेल खाते हैं।
एजेंसी ने कहा कि मनु कुमार जैन के बयान 13, 14, 21, 26 अप्रैल को दर्ज किए गए और समीर बीएस राव के बयान 25 मार्च, 14 अप्रैल, 19, 21, 22 और 26 अप्रैल को दर्ज किए गए। एजेंसी ने कहा, "हालांकि, कई अवसरों पर बयान दर्ज करने के दौरान किसी भी समय उनके द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई।" ईडी ने कहा कि "कंपनी के अधिकारियों का अंतिम बयान 26.04.2022 को दर्ज किया गया था और जब्ती आदेश 29.04.2022 को पारित किया गया था। ऐसा प्रतीत होता है कि पर्याप्त समय बीतने के बाद अब लगाया गया आरोप एक सोच है। आरोप निराधार हैं और तथ्यों से कोसों दूर हैं।












Click it and Unblock the Notifications