Wrestlers Protest: जब शोषण होता है तो एक कमरे में होता है वहां कैमरे नहीं लगाए जाते: विनेश फोगाट
पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि जब शोषण होता है तो एक कमरे में होता है वहां कैमरे नहीं लगाए जाते हैं. अगर कैमरे ही लगाए जाते तो ये लड़कियां कब का सच बोल देतीं।

Wrestlers Protest ( विनेश फोगाट): इस वक्त भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह विवादों में घिरे हैं, उनके ऊपर यौन शोषण और तानाशाही रवैये जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। खास बात ये है कि उन पर आरोप लगाने वाले देश के नामीगिरामी पहलवान हैं। टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट का कहना है कि 'बृजभूषण शरण सिंह अपनी कुर्सी का नाजायज फायदा उठाते हैं, ये खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते हैं।' धरना देने वाले पहलवानों के एक दल ने आज खेलमंत्रालय से भी बात की लेकिन वो सभी मीटिंग के बाद संतुष्ट नजर नहीं आए।
हमें तो जान का भी खतरा है: विनेश फोगाट
मीटिंग के बाद विनेश फोगाट ने मीडिया से कहा कि 'हम डटे हैं और तब तक नहीं हटेंगे जब तक कि कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह अपने पद से नहीं हटते। हमें तो जान का भी खतरा है, हमने पुलिस का प्रोटेक्शन भी नहीं लिया है लेकिन फिर भी हम हिम्मत और सम्मान के साथ चल रहे हैं क्योंकि हमें पता है कि हम सच बोल रहे हैं। आज अध्यक्ष जी के घर पर ताला लग लग गया है , उसके बाद भी सरकार को समझ जाना चाहिए कि कौन सही है और कौन गलत है।'
शोषण तो कमरे में होता है वहां कैमरे नहीं लगाए जाते: फोगाट
उन्होंने आगे कहा कि' जब शोषण होता है तो एक कमरे में होता है वहां कैमरे नहीं लगाए जाते हैं, अगर कैमरे ही लगाए जाते तो ये लड़कियां कब का सच बोल देतीं। वे लड़कियां भी हमारे साथ हैं जो शोषण की बात साबित कर सकती हैं। वो लड़कियां जिनके साथ शोषण हुआ है, उनमे से कुछ यहां बैठी हुई हैं, हम नहीं चाहते कि उनके नाम का खुलासा हो लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो वो भी होगा लेकिन वो हिंदुस्तान का सबसे खराब दिन होगा। हमें सरकार से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हम चाहते हैं कि बृजभूषण सिंह इस्तीफा दें और उन्हें जेल हो, हम केस दर्ज कराएंगे।'
हम कानून का सहारा लेंगे: बजरंग पूनिया
तो वहीं विनेश फोगाट के बाद ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया ने कहा कि 'हम चाहते हैं कि फेडरेशन को बंद किया जाए क्योंकि फेडरेशन में वे अपने ही लोगों को बिठाएंगे। अगर इसका समाधान जल्दी नहीं निकला तो हम कानून का भी सहारा लेंगे, हमारी लड़ाई सरकार के खिलाफ नहीं बल्कि ई फेडरेशन के खिलाफ है, हमने अपनी बात रखी है, हम चाहते हैं कि इसके खिलाफ एक्शन हो।'
हमें मीटिंग में सिर्फ आश्वासन दिया गया: साक्षी मलिक
तो वहीं भारतीय पहलवान साक्षी मलिक ने भी कहा कि हमें मीटिंग में सिर्फ आश्वासन दिया गया है, किसी तरह का ठोस कदम या एक्शन लेने की बात नहीं की गई। हम रेसलिंग फेडरेशन को भंग करवाना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications