मांगें नहीं मानी तो 15 जून के बाद फिर से होगा आंदोलन, नाबालिग के बयान बदलने पर बोले बजरंग पूनिया
Wrestlers Protest News: पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा कि अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो हम 15 जून के बाद फिर से अपना आंदोलन शुरू करेंगे।
Wrestlers Protest: कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहलवानों का आक्रामक रूख जारी है। 7 जून को पहलवानों की खेल मंत्री अनुराठ ठाकुर के साथ बैठक हुई थी, जिसके बाद शनिवार (10 जून) को हरियाणा के सोनीपत में पहलवानों के समर्थन में महापंचायत हुई।
महापंचायत को लेकर पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा, "पहलवानों ने पंचायत बुलाई और हमने खाप सदस्यों को मंत्रियों के साथ अपनी बैठक के बारे में बताया। अगर हमारी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो हम 15 जून के बाद अपना विरोध फिर से शुरू करेंगे।"

बकौल बजरंग सरकार ने हमें आश्वासन दिया है कि 15 जून से पहले चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी और बृजभूषण और उनके सहयोगी डब्ल्यूएफआई के सदस्य नहीं बनेंगे।
नाबालिग के बयान बदलने पर बोले बजरंग
पहलवान बजरंग पूनिया ने आगे कहा कि हमें उम्मीद है कि 15 जून से पहले हमारी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उसके (नाबालिग लड़की) पिता ने कहा कि उस पर काफी दबाव था, इसलिए मैंने अपना बयान बदलने का यह फैसला लिया। उन्होंने यह भी कहा था कि उनका पूरा परिवार डिप्रेशन में था।
पहलवान बजरंग पूनिया ने बताया कि लड़की के नाबालिग होने या न होने पर ही उसके परिवार के सदस्य ही सही जानकारी दे सकते हैं। दुख की बात यह है कि फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं कि पहलवान मंत्रियों के साथ समझौता कर रहे हैं। हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मिल चुके हैं।
सरकार को दिया अल्टीमेटम
उन्होंने अपने बयान में साफ कहा कि हमने सरकार से कहा है कि अगर 15 जून तक कार्रवाई नहीं की गई तो हम विरोध का बड़ा आह्वान करेंगे और फैसला लेंगे। वहीं साक्षी मलिक ने कहा कि बृजभूषण सिंह बाहर रहेगा तो डर का माहौल बना रहेगा। हमें लोगों का समर्थन मिल रहा है। हम सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम एशियन गेम्स तभी खेलेंगे जब हमें न्याय मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications