'महिला पहलवान किस ट्रॉमा से गुजर रही', धरना खत्म की अफवाह पर विनेश फोगाट का करारा जवाब
Wrestler Vinesh Phogat News: पहलवानों के विरोध प्रदर्शन के खत्म होने की अफवाहों पर विनेश फोगाट ने कहा कि फर्जी खबर फैलाने वालों को एहसास भी है कि महिला पहलवान किस ट्रॉमा से गुजर रही हैं?

Wrestlers Protest Withdrawal Rumours: हाल ही में खबर सामने आई कि साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चल रहा धरना वापस ले लिया है, जिसका अब खुद पहलवानों ने खंडन करते हुए इस तरह की खबरों को अफवाह करार दिया है।
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि साक्षी मलिक विरोध प्रदर्शन से पीछे हट गई हैं, जिस पर अब विनेश फोगाट ने ट्वीट करते हुए सच्चाई बताई है।
'फर्जी खबर फैलाने वालों...'
विनेश फोगाट ने अपने ट्वीट में लिखा, "महिला पहलवान किस ट्रॉमा से गुजर रही हैं इस बात का अहसास भी है फर्जी खबर फैलाने वालों को? कमजोर मीडिया की टांगें हैं जो किसी गुंडे के हंटर के आगे कांपने लगती हैं, महिला पहलवान नहीं।"'
'नौकरी का डर मत दिखाइए'
इसी के साथ अपने दूसरे ट्वीट में विनेश ने लिखा- "हमारे मेडलों को 15-15 रुपए के बताने वाले अब हमारी नौकरी के पीछे पड़ गये हैं। हमारी जिंदगी दांव पर लगी हुई है, उसके आगे नौकरी तो बहुत छोटी चीज है। अगर नौकरी इंसाफ के रास्ते में बाधा बनती दिखी तो उसको त्याग ने में हम दस सेकेंड का वक्त भी नहीं लगाएंगे। नौकरी का डर मत दिखाइए।"
इससे पहले साक्षी मलिक ने प्रदर्शन से हटने की खबरों को नकारते हुए कहा कि यह खबर बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा, "इंसाफ की लड़ाई में ना कोई पीछे हटा है, ना हटेगा। सत्याग्रह के साथ रेलवे में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हूं। इंसाफ मिलने तक लड़ाई जारी है।"












Click it and Unblock the Notifications